प्रधानमंत्री मोदी ने ओडिशा की दूसरी ‘वंदे भारत’ एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 24 Sep 2023 08:33 PM
प्रधानमंत्री मोदी ने ओडिशा की दूसरी ‘वंदे भारत’ एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई
ऑडियो सुनें

भुवनेश्वर. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए पुरी-राउरकेला मार्ग पर ‘वंदे भारत’ एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई. यह ओडिशा की दूसरी वंदे भारत एक्सप्रेस है. इससे पहले पुरी से हावड़ा तक पहली सेमी-हाई-स्पीड वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन सेवा की शुरुआत मई में की गई थी.

इस अवसर पर ओडिशा के राज्यपाल गणेशी लाल, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और कई विधायक भुवनेश्वर रेलवे स्टेशन पर मौजूद रहे. कार्यक्रम में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव भी कॉन्फ्रेंस के जरिए जुड़े. प्रधान ने इस अवसर पर कहा, ”आज ओडिशा के साथ-साथ देश के लिए भी ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण दिन है, क्योंकि एक साथ नौ वंदे भारत एक्सप्रेस रेलगाड़ियों को हरी झंडी दिखाई गई है.” रेल मंत्री वैष्णव ने मई में घोषणा की थी कि ओडिशा में दूसरी वंदे भारत एक्सप्रेस जल्द ही शुरू की जाएगी.

धर्मेंद्र प्रधान ने प्रधानमंत्री मोदी और वैष्णव से पुरी से रायपुर तक ऐसी ट्रेन सेवाएं शुरू करने का अनुरोध किया. उन्होंने कहा, ”केंद्र सरकार द्वारा रेलवे क्षेत्र में कई विकास कार्य किए गए हैं. ओडिशा में 57 रेलवे स्टेशन का 1,400 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से पुर्निवकास किया जा रहा है.” राउरकेला-भुवनेश्­वर-पुरी वंदे भारत एक्­सप्रेस ट्रेन भगवान जगन्नाथ के निवास स्थान पुरी को स्टील सिटी राउरकेला से जोड़ेगी.

रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि ट्रेन भुवनेश्वर को अंगुल और झारसुगुड़ा के औद्योगिक क्षेत्रों से भी जोड़ेगी तथा शनिवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलेगी. नयी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन पुरी से राउरकेला तक 505 किलोमीटर की दूरी 7.45 घंटे में तय करेगी. यह एक्सप्रेस ट्रेन पुरी से सुबह पांच बजे प्रस्थान करेगी और उसी दिन दोपहर 12:45 बजे राउरकेला पहुंचेगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu