मप्र चुनावों के लिए भाजपा की दूसरी सूची में केंद्रीय मंत्री तोमर, पटेल, पार्टी के कई सांसदों के नाम

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 25 Sep 2023 10:22 PM
मप्र चुनावों के लिए भाजपा की दूसरी सूची में केंद्रीय मंत्री तोमर, पटेल, पार्टी के कई सांसदों के नाम
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, प्रह्लाद सिंह पटेल और फग्गन सिंह कुलस्ते तथा पार्टी के कई अन्य सांसदों को मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की दूसरी सूची में जगह दी है. भाजपा ने सोमवार को कुल 39 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की.

मंत्रियों के अलावा जिन सांसदों को विधानसभा चुनाव के लिए टिकट दिया गया है, उनमें राकेश सिंह, गणेश सिंह, रीति पाठक और उदय प्रताप सिंह शामिल हैं. ये सभी लोकसभा के सदस्य हैं. भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय इंदौर-1 से चुनाव लड़ेंगे.
कई केंद्रीय मंत्रियों और सांसदों को चुनाव मैदान में उतारकर, पार्टी ने विधानसभा चुनावों में कांग्रेस से कड़ी चुनौती मिलने के बीच राज्य में सत्ता बरकरार रखने की अपनी कोशिश को रेखांकित किया है. उनमें से अधिकांश नेता कई बार से अपनी लोकसभा सीट जीत आ रहे हैं.

दूसरी सूची के साथ, भाजपा ने मध्य प्रदेश विधानसभा की 230 सीट में से 78 सीट पर अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं. प्रदेश में नवंबर-दिसंबर में चुनाव प्रस्तावित हैं. पार्टी ने पिछले महीने 39 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी की थी. साल 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 114 सीट पर जीत दर्ज की थी, जबकि भाजपा को 109 सीट मिली थी. हालांकि, कुछ विधायकों के भाजपा में शामिल होने के बाद कांग्रेस सरकार गिर गई थी. मार्च 2020 में शिवराज सिंह चौहान के नये कार्यकाल के साथ भाजपा सत्ता में लौटी थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu