कोटा में 20 वर्षीय छात्र ने आत्महत्या की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 28 Sep 2023 08:56 PM
कोटा में 20 वर्षीय छात्र ने आत्महत्या की
ऑडियो सुनें

कोटा. कोटा के कुन्हारी इलाके में सरकारी नौकरी की परीक्षा की तैयारी रहे एक 20 वर्षीय युवक ने अपने कमरे में कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. पुलिस उपाधीक्षक खीव सिंह राठौड़ ने बताया कि तनवीर खान का शव बुधवार दोपहर कृष्ण विहार कॉलोनी के उसके किराए के घर में लटका हुआ पाया गया, जहां वह अपने पिता व छोटी बहन के साथ रहता था.

कुन्हारी थाने के उपनिरीक्षक नवल किशोर ने बताया कि मृतक के कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है और संदिग्ध आत्महत्या के पीछे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाना बाकी है. किशोर के मुताबिक, तनवीर खुद से प्रतियोगी परीक्षा की तैयार कर रहा था और वह किसी कोचिंग संस्थान के साथ नहीं जुड़ा हुआ था. उन्होंने बताया कि तनवीर का परिवार उत्तर प्रदेश के महाराजगंज का रहने वाला है.

पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि 12वीं पास तनवीर को हाल ही में अच्छे वेतन के साथ निजी नौकरी की पेशकश हुई थी लेकिन उसके पिता ने उसे नौकरी करने से मना कर दिया और सरकारी नौकरी की तैयारी जारी रखने पर जोर दिया.
तनवीर के पिता यहां एक कोचिंग संस्थान में रसायन शास्त्र पढ.ाते हैं. अधिकारी के मुताबिक, तनवीर के शव को पोस्टमार्टम के बाद बुधवार देर शाम उसके पिता को सौंप दिया गया. उन्होंने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu