पंजाब: कांग्रेस विधायक खैरा मादक पदार्थ मामले में गिरफ्तार, दो दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 28 Sep 2023 10:42 PM
पंजाब: कांग्रेस विधायक खैरा मादक पदार्थ मामले में गिरफ्तार, दो दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया
ऑडियो सुनें

चंडीगढ़. पंजाब पुलिस ने 2015 के मादक पदार्थ मामले में कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैरा को बृहस्पतिवार की सुबह यहां गिरफ्तार कर लिया. आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी. खैरा की गिरफ्तारी के बाद कांग्रेस ने राज्य में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) के खिलाफ राजनीतिक प्रतिशोध का आरोप लगाया.

कांग्रेस की पंजाब इकाई के प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वडिंग के नेतृत्व में कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने शाम को राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित से मुलाकात की और ”फर्जी मामले” की शिकायत की. दोनों दल विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) का हिस्सा हैं जो 2024 के लोकसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ एकजुट होकर लड़ना चाहते हैं. भाजपा ने भी इस गिरफ्तारी की आलोचना की है.

भोलाथ से कांग्रेस विधायक को फाजिल्का के जलालाबाद की एक अदालत में पेश किया गया और उन्हें दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया. पुलिस ने सात दिन की रिमांड मांगी थी. पुलिस अधीक्षक मंजीत सिंह के नेतृत्व में पंजाब पुलिस की एक टीम ने सुबह लगभग छह बजे खैरा के चंडीगढ़ स्थित आवास पर छापा मारा. विधायक के बेटे ने फेसबुक पर ‘लाइव’ आकर दिखाया कि पंजाब पुलिस की एक टीम खैरा को पकड़ने के लिए उनके आवास पर पहुंची है.

वीडियो में खैरा पुलिस टीम के साथ बहस करते और गिरफ्तारी वारंट दिखाने को कहते देखे जा सकते हैं. भोलाथ के विधायक पुलिस दल में शामिल अधिकारियों से उनके पहचान कार्ड दिखाने के लिए कहते नजर आ रहे हैं. पुलिस ने खैरा को बताया कि उन्हें स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम मामले में गिरफ्तार किया जा रहा है. जब खैरा ने पुलिस दल से पूछा कि उन्हें कहां ले जाया जा रहा है, तो एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि उन्हें फाजिल्का के जलालाबाद ले जाया जा रहा है.

आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, अप्रैल 2023 में पुलिस उप महानिरीक्षक स्वप्न शर्मा के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया था और 2015 के मामले की जांच के आधार पर खैरा को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तारी के बाद खैरा ने पंजाब के मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा, ”वह (मुख्यमंत्री) मेरे खून के प्यासे हैं और यह हर कोई जानता है.” खैरा ने कहा कि उन्हें एक ”फर्जी” मामले में गिरफ्तार किया गया है. उन्होंने कहा, ”यह ‘बदलाव’ की राजनीति नहीं है, यह ‘बदले की राजनीति’ है.” कांग्रेस विधायक ने कहा कि 2017 में उच्चतम न्यायालय द्वारा उनके खिलाफ निचली अदालत की कार्यवाही पर रोक लगाने के बावजूद उन्हें मामले में तलब किया गया.

उन्होंने भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर उन्हें 2021 में धनशोधन मामले में गिरफ्तार करने का भी आरोप लगाया. पंजाब में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) के नेता मलविंदर सिंह कंग ने खैरा की गिरफ्तारी के संबंध में राजनीतिक प्रतिशोध के कांग्रेस के आरोप को खारिज कर दिया और दावा किया कि खैरा के खिलाफ कार्रवाई कानून के मुताबिक की गई है. उच्चतम न्यायालय ने 2017 में खैरा के खिलाफ निचली अदालत की कार्यवाही पर रोक लगा दी थी, जिन्हें मामले में अतिरिक्त आरोपी के तौर पर तलब किया गया था.

खैरा को 2015 के मादक पदार्थ मामले से जुड़े धनशोधन के आरोप में 2021 में प्रवर्तन निदेशालय द्वारा गिरफ्तार किया गया था, लेकिन 2022 में उन्हें जमानत मिल गई. उच्चतम न्यायालय ने फरवरी 2023 में, 2015 के मादक पदार्थ मामले में खैरा के खिलाफ समन आदेश को रद्द कर दिया था.

खैरा की गिरफ्तारी के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि उनकी पार्टी अन्याय सहन नहीं करेगी. उन्होंने कहा, ”मैं इसकी जानकारी लूंगा…लेकिन मामला कुछ भी हो, यदि कोई अन्याय करता है तो वह ज्यादा दिन टिक नहीं पाता. अगर कोई हमारे साथ अन्याय करेगा तो हम उसे बर्दाश्त करने वाले नहीं हैं.” वडिंग और विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा सहित कांग्रेस की पंजाब इकाई के नेताओं ने खैरा की गिरफ्तारी की निंदा की और इसे राजनीतिक प्रतिशोध बताया.

वडिंग, खैरा की गिरफ्तारी के बाद उनके आवास पहुंचे और उनके बेटे महताब खैरा और परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात की. उन्होंने कहा कि वे विधायक के साथ खड़े हैं. पंजाब कांग्रेस प्रमुख ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए पूछा कि पंजाब पुलिस की यह कैसी जांच हैं जिसमें आठ साल बाद खैरा को गिरफ्तार किया गया है.

वडिंग ने कहा, ”यह दर्शाता है कि राज्य में ‘जंगलराज’ है.”उन्होंने पंजाब पुलिस की कार्रवाई के दौरान चंडीगढ़ पुलिस की अनुपस्थिति पर सवाल उठाया. बाजवा ने मुख्यमंत्री भगवंत मान की आलोचना करते हुए सरकार के ”तानाशाही” होने का आरोप लगाया और कहा कि पार्टी खैरा की रिहाई के लिए लड़ेगी. खैरा की गिरफ्तारी के कुछ घंटे बाद भाजपा ने भी पंजाब में ‘आप’ सरकार पर अपनी शक्तियों का दुरुपयोग करने और बदले की भावना से काम करने का आरोप लगाया.

मादक पदार्थ से जुड़ा यह मामला मार्च 2015 में फाजिल्का के जलालाबाद में दर्ज किया गया था. इसमें गुरदेव सिंह सहित नौ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी और बाद में उन्हें स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत दोषी ठहराया गया था. गुरदेव सिंह को खैरा का करीबी बताया जाता है.

पुलिस ने आरोपियों पास से दो किलोग्राम हेरोइन, सोने के 24 बिस्कुट, एक देसी पिस्तौल, .315 बोर की एक पिस्तौल और दो पाकिस्तानी सिम कार्ड बरामद किए थे. पुलिस जांच के दौरान बाद में खैरा का नाम सामने आया था. खैरा की गिरफ्तारी विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के सदस्यों के बीच सीट बंटवारे की बातचीत के बीच हुई. पंजाब कांग्रेस पहले ही आम चुनाव के लिए राज्य में सत्तारूढ़ ‘आप’ के साथ किसी भी गठबंधन का विरोध कर चुकी है.

एक सवाल के जवाब में कंग ने कहा कि जहां तक ‘इंडिया’ गठबंधन का सवाल है, ‘आप’ भ्रष्टाचार और मादक पदार्थों की तस्करी के मुद्दों पर कोई समझौता नहीं करेगी. उन्होंने राजनीतिक प्रतिशोध के आरोपों को भी खारिज कर दिया और दावा किया कि खैरा के खिलाफ कार्रवाई कानून के अनुसार की गई है. खैरा की गिरफ्तारी के बाद, उन्हें फाजिल्का के जलालाबाद की एक अदालत में पेश किया गया . अदालत ने विधायक को दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu