कोलकाता/नयी दिल्ली. पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना के स्वरूपनगर के निकट अंतरराष्ट्रीय सीमा पर एक महिला का शव बरामद होने के तीन दिन बाद प्रदेश में सत्तारूढ. तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और विपक्षी भारतीय जनता पार्टी के संदस्यों के बीच शुक्रवार को तीखी नोक झोंक हुयी. महिला का गला कटा हुआ था ओर चेहरा जला हुआ था जिससे उसकी पहचान मुश्किल हो रही थी.
प्रारंभिक जांच के बाद, बशीरहाट के पुलिस अधीक्षक जॉबी थॉमस एसके ने शुक्रवार को बताया कि पीड़ित महिला की पहचान बांग्लादेशी नागरिक सुमैया अख्तर के रूप में की गई है, जो ढाका के श्यामपुर इलाके की रहने वाली थी . थॉमस ने स्वरूपनगर थाने में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि इस सिलसिले में बृहस्पतिवार की रात एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया. विपक्षी भाजपा ने हत्या के बारे में दावा किया कि यह दर्शाता है कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व में राज्य किस तरह हिंसा से त्रस्त है.
इस पर प्रदेश में सत्तारूढ. तृणमूल कांग्रेस ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए सवाल उठाया कि कैसे सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की देख-रेख के बावजूद एक विदेशी नगारिक अंतरराष्ट्रीय सीमा पार करके भारत में प्रवेश करने में कामयाब रही जो केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन कार्य करता है.
स्थानीय लोगों को 26 सितंबर की सुबह अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगभग एक किलोमीटर दूर स्वरूपनगर इलाके में एक निर्जन स्थान पर 20 वर्ष के आसपास की महिला का हाथ और पैर बंधा हुआ शव मिला था. थॉमस ने कहा, वह मुंबई में एक ब्यूटी पार्लर में काम करती थी और घर लौट रही थी तभी पैसों के लिए जाहिर तौर पर उसकी हत्या कर दी गई.
अधिकारी ने बताया, ”ऐसे लोग बांग्लादेश लौटते समय आम तौर पर अच्छी मात्रा में धन और आभूषण ले जाते हैं. लेकिन शव के पास मिले पीड़िता के बैग में ऐसी कोई चीज नहीं थी. इसलिए, हमें संदेह है कि हत्या से पहले उसे लूटा गया था.ह्व उन्होंने बताया कि महिला के बैग से पुलिस ने एक चश्मे का केस बरामद किया जिस पर बांग्लादेश के फरीदपुर का एक पता लिखा था जिससे उसकी शिनाख्त करने में मदद मिली.
पुलिस अधीक्षक ने कहा, ”हम उसके परिवार के सदस्यों के साथ बातचीत कर चुके हैं. वे लोग यहां आ रहे हैं. गिरफ्तार किये गये व्यक्ति से पूछताछ के बाद ही इस बारे में विस्तृत जानकारी मिल सकेगी.” उस व्यक्ति को बृहस्पतिवार रात स्वरूपनगर थानांतर्गत बिखरी गांव से गिरफ्तार किया गया. इस बात का पता लगाया जा रहा है कि क्या इसमें उसका कोई साथी भी शामिल था.
थॉमस ने कहा, ”पुलिस अभी तक पक्के तौर पर यह नहीं बता सकती कि पीड़िता कानूनी तरीके से भारत में आई थी या नहीं. हमें उम्मीद है कि उसके परिवार के सदस्यों के ढाका से यहां पहुंचने के बाद ही इस बारे में जानकारी मिल सकेगी.” भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने पश्चिम बंगाल की सत्तारूढ. पार्टी पर राज्य में आतंक का राज कायम करने का आरोप लगाया.
केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी ने नयी दिल्ली में पार्टी मुख्यालय में संवाददाताओं से कहा, ”मैं स्तब्ध हूं…पश्चिम बंगाल से एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना सामने आई है. यह याद दिलाता है कि बंगाल में महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार हो रहे हैं.” उन्होंने आरोप लगाया, ”हमेशा ‘मां माटी मानुष’ (मां, भूमि और लोगों) की बात करने वाली मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आज प्रदेश को बम, गोली और बेटी के साथ अन्याय की भूमि में बदल दिया है.” केंद्रीय मंत्री ने अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की.
इस घटना पर ममता पर निशाना साधते हुए, पश्चिम बंगाल के भाजपा के सह-प्रभारी अमित मालवीय ने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर महिला के आंशिक रूप से जले हुए शरीर की कथित वीडियो क्लिप साझा की और लिखा: ”यह पश्चिम बंगाल में कानून और व्यवस्था की स्थिति है… लेकिन ममता बनर्जी एक शब्द भी नहीं बोलेंगी.”
भाजपा के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए तृणमूल कांग्रेस प्रवक्ता कुणाल घोष ने इसे बेबुनियाद करार देते हुये कहा, ”पीड़ित एक बांग्लादेशी महिला है. सीमा से 50 किलोमीटर तक का क्षेत्र सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के अधिकार क्षेत्र में है, जो अमित शाह जी के केंद्रीय गृह मंत्रालय के अंतर्गत आता है. बीएसएफ क्या कर रही थी.” घोष ने कहा, ”महिला ने सीमा कैसे पार की. भाजपा को पहले इसका जवाब देना चाहिए.” उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर सराहनीय काम किया है.