‘इंडिया’ गठबंधन ‘ऊंचे पहाड़’ की तरह खड़ा है: कांग्रेस नेता सिद्धू

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 01 Oct 2023 07:34 PM
‘इंडिया’ गठबंधन ‘ऊंचे पहाड़’ की तरह खड़ा है: कांग्रेस नेता सिद्धू
ऑडियो सुनें

चंडीगढ़. पंजाब में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) के साथ तालमेल पर अपनी पार्टी में विरोध के बीच कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू ने रविवार को कहा कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ एक ‘ऊंचे पहाड़’ की तरह खड़ा है और इसकी शान यहां-वहां आने वाले तूफान से प्रभावित नहीं होगी.

सिद्धू ने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट किया, ”पंजाब को यह समझना चाहिए कि यह भारत के प्रधानमंत्री को चुनने का चुनाव है, न कि पंजाब का मुख्यमंत्री चुनने का.” सिद्धू का यह बयान ऐसे वक्त आया है, जब पंजाब में कांग्रेस की प्रदेश इकाई के प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वडिंग और विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा सहित कई कांग्रेस नेता 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले राज्य में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन का विरोध कर रहे हैं.

सिद्धू ने पोस्ट में कहा, ”इंडिया गठबंधन एक ऊंचे पहाड़ की तरह खड़ा है…यहां-वहां आने वाले तूफान से इसकी शान पर कोई असर नहीं पड़ेगा. हमारे लोकतंत्र की रक्षा के लिए इस ढाल को तोड़ने का कोई भी प्रयास निरर्थक साबित होगा.” सिद्धू की यह टिप्पणी प्रदेश कांग्रेस प्रमुख वडिंग द्वारा 2015 के मादक पदार्थ मामले में पार्टी विधायक सुखपाल सिंह खैरा की गिरफ्तारी को ”राजनीतिक प्रतिशोध” बताए जाने के कुछ दिनों बाद आई है. भुलथ के विधायक खैरा की गिरफ्तारी से पंजाब में कांग्रेस और आप के बीच दूरियां बढ़ गई हैं.
दोनों दलों के ‘इंडिया’ के सदस्य होने के कारण पंजाब में कांग्रेस नेताओं ने पूर्व में संकेत दिया था कि वे राज्य में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी के साथ किसी भी तरह के गठबंधन के खिलाफ हैं.

‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) ने एक सितंबर को मुंबई में अपनी बैठक में, 2024 के लोकसभा चुनाव ‘यथासंभव’ साथ मिलकर लड़ने का संकल्प लेते हुए इस बात पर जोर दिया कि राज्यों में सीट-बंटवारे की व्यवस्था ”सहयोगात्मक भावना” के साथ जल्द से जल्द संपन्न की जाएगी.

विपक्षी गठबंधन के नेताओं ने 14 सदस्यीय समन्वय समिति का गठन किया है जो गठबंधन की सर्वोच्च निर्णय लेने वाली संस्था के रूप में कार्य करेगी और सीट बंटवारे पर काम शुरू करेगी. गठबंधन के नेताओं ने यह भी विश्वास जताया कि नया मोर्चा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को आसानी से हरा देगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu