अगर ‘इंडिया’ की सरकार बनाने में पीछे रह गये तो भाजपा संविधान बदल देगी : अखिलेश यादव

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 01 Oct 2023 07:33 PM
अगर ‘इंडिया’ की सरकार बनाने में पीछे रह गये तो भाजपा संविधान बदल देगी : अखिलेश यादव
ऑडियो सुनें

लखनऊ. समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आगामी लोकसभा चुनावों में विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ की सरकार बनाने का आह्वान करते हुए रविवार को कहा कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) संविधान बदलकर देश को न जाने किस रास्ते पर ले जाएगी.

पूर्व विधायक नीरज मौर्य की पुस्­तक ‘दलित एवं पिछड़ों के वोटों से सत्ता’ के विमोचन के अवसर पर सपा प्रमुख ने कहा कि ”2024 का लोकसभा चुनाव देश के लिए बड़ा परिवर्तनकारी होगा. केन्द्र में ‘इंडिया’ गठबंधन की सरकार बनेगी तो देश बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर और राममनोहर लोहिया के सिद्धांतो और उनके बताए रास्ते पर चलेगा .द्धद्ध उप्र के मुख्यमंत्री रह चुके अखिलेश ने कहा कि अगर इससे (इंडिया की सरकार बनाने से) पीछे रह गए तो भाजपा संविधान बदलकर न जाने किस रास्ते पर ले जाएगी.

अखिलेश यादव के हवाले से सपा मुख्यालय से जारी बयान में कहा गया है कि कि ”पांच हजार साल पहले जो जाति व्यवस्था आयी, उसी से समाज में दूरियां बनी है. जिस समय समाज सम्पन्न हो जाएगा हर जाति एक दूसरे के साथ खड़ी हो जाएगी.” उन्होंने कहा कि भाजपा नारी शक्ति वंदन कानून के नाम पर जनता को धोखा दे रही है, अगर महिला आरक्षण कानून बन गया है तो भाजपा ने मध्यप्रदेश, राजस्थान और अन्य राज्यों की विधानसभा में चुनावों में महिलाओं को 33 फीसदी टिकट क्यों नहीं दिया.

उन्होंने कहा कि भाजपा बताए कि उसने इस चुनाव में महिलाओं को कितना टिकट दिया और उसमें भी पिछड़ी, दलित वर्ग की कितनी महिलाओं को टिकट दिया है. उन्होंने कहा कि पिछड़ी, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग की महिलाओं के कोटा के बिना महिला आरक्षण कानून अधूरा है.

कार्यक्रम के बाद अखिलेश यादव ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि ”हम चाहते है कि भाजपा को हराने के लिए मध्य प्रदेश में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी मिलकर चुनाव लड़े और भाजपा को हराए.” यादव ने एक सवाल के जवाब में कहा, ”नवरात्र आते ही हम भी वीआईपी सीटों पर अपने प्रत्याशी उतार देंगे. हम पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) के साथ मिलकर भाजपा को उसकी वीआईपी सीटों पर हराएंगे. भाजपा को हराने के लिए समाजवादी पार्टी ने पहले ही रणनीति बना रखी है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu