जम्मू-कश्मीर के रामबन में 300 करोड़ रुपये की कोकीन जब्त, पंजाब के दो लोग गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 01 Oct 2023 09:05 PM
जम्मू-कश्मीर के रामबन में 300 करोड़ रुपये की कोकीन जब्त, पंजाब के दो लोग गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

बनिहाल/जम्मू. जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी से संबंधित एक आतंकी (नार्को-टेरर) मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए एक वाहन से 30 किलोग्राम कोकीन बरामद की है. बरामद की गई कोकीन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 300 करोड़ रुपये है. पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी.

अधिकारियों के मुताबिक, जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग से सटे बनिहाल इलाके से कोकीन की बरामदगी के बाद पंजाब के दो निवासियों को गिरफ्तार किया गया है. जम्मू क्षेत्र के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक मुकेश सिंह ने बताया, ”शनिवार रात करीब साढ.े 10 बजे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मोहिता शर्मा के नेतृत्व में रामबन पुलिस ने कश्मीर से जम्मू आ रहे एक वाहन को बनिहाल रेलवे चौक के पास रोका, जिससे 30 किलोग्राम कोकीन बरामद की गई है.” उन्होंने बताया कि जब्त किए गए मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 300 करोड़ रुपये है. अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में दो लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है.

उन्होंने बताया कि कोकीन को सफलतापूर्वक जब्त किए जाने से एक बड़े मादक पदार्थ की तस्करी से संबंधित आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ हुआ है. सिंह ने बताया कि बनिहाल थाने में स्वापक औषधि एवं मन?प्रभावी पदार्थ अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत एक मामला दर्ज किया गया है और मामले की जांच की जा रही है.

बनिहाल थानाध्यक्ष मोहम्मद अफजल वानी ने बताया कि गिरफ्तार तस्करों की पहचान पंजाब के जालंधर निवासी सरबजीत सिंह और फगवाड़ा के हनी बसरा के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, तीन किलोग्राम कोकीन को वाहन की छत पर छिपाकर रखा गया था, जबकि 27 किलोग्राम मादक पदार्थ उनके सामान से बरामद किया गया है.

वानी ने बताया कि जब तस्करों को रुकने का संकेत दिया गया तो उन्होंने भागने का प्रयास किया, लेकिन उनका पीछा करके गिरफ्तार कर लिया गया. अधिकारी ने बताया कि कोकीन को सीमा पार से तस्करी कर उत्तरी कश्मीर से पंजाब ले जाया जा रहा था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu