भारतीय वायुसेना का हेलीकाप्टर तालाब के पास एहतियातन सुरक्षित उतरा, कोई हताहत नहीं

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 01 Oct 2023 09:32 PM
भारतीय वायुसेना का हेलीकाप्टर तालाब के पास एहतियातन सुरक्षित उतरा, कोई हताहत नहीं
ऑडियो सुनें

भोपाल. नियमित प्रशिक्षण मिशन पर जा रहा भारतीय वायुसेना का एक हेलीकॉप्टर रविवार सुबह मध्यप्रदेश के भोपाल जिले के एक गांव में एक तालाब के पास ‘एहतियात’ के तौर पर सुरक्षित उतारा गया. भारतीय वायुसेना ने यह जानकारी दी. वायुसेना के इस बयान से कुछ ही घंटे पहले एक पुलिस अधिकारी ने कहा था कि वायुसेना की तृतीय एचयू यूनिट के हेलीकॉप्टर को किसी तकनीकी खराबी के कारण भोपाल जिला मुख्यालय से करीब 60 किलोमीटर दूर डुंगरिया गांव में एक तालाब के पास खेत में सुबह करीब पौने नौ बजे आपात स्थिति में उतारा गया.

मौके पर मौजूद बैरसिया पुलिस थाने के निरीक्षक नरेंद्र कुलस्ते ने फोन पर पीटीआई-भाषा को बताया कि इस हेलीकॉप्टर में छह लोग थे, जिनमें पायलट और चालक दल के पांच सदस्य शामिल हैं और सभी सुरक्षित हैं. उन्होंने कहा कि हेलीकॉप्टर में आई तकनीकी गड़बडी को भोपाल एवं नागपुर से आये तकनीशियनों द्वारा ठीक किया गया है और इसके बाद यह हेलीकॉप्टर शाम करीब पांच बजे अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गया.

वहीं, वायुसेना ने एक बयान में कहा, ”भोपाल से चकेरी के नियमित प्रशिक्षण मिशन पर निकले वायुसेना के एएलएच एमके-3 हेलीकॉप्टर ने भोपाल हवाईअड्डे से 50 किलोमीटर दूर डुंगरिया तालाब के पास एहतियातन सुरक्षित लैंडिंग की. इसमें किसी के हताहत होने की खबर नहीं है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu