प्रधानमंत्री मोदी कल छत्तीसगढ़ और तेलंगाना का दौरा करेंगे, परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण, शिलान्यास…

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Mon, 02 Oct 2023 07:19 PM
प्रधानमंत्री मोदी कल छत्तीसगढ़ और तेलंगाना का दौरा करेंगे, परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण, शिलान्यास…
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को चुनावी राज्य छत्तीसगढ़ और तेलंगाना का दौरा करेंगे और इस दौरान वह करोड़ों रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने सोमवार को एक बयान में यह जानकारी दी।

पीएमओ ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री लगभग 11 बजे जगदलपुर पहुंचेंगे और छत्तीसगढ़ में 26,000 करोड़ रुपये से अधिक की अनेक विकास परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे।’’ इसमें बस्तर जिले के नगरनार स्थित एनएमडीसी स्टील लिमिटेड के इस्पात संयंत्र का लोकार्पण भी शामिल है। यह संयंत्र 23,800 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनकर तैयार हुआ है। यह ग्रीनफील्ड परियोजना का संयंत्र है, जहां उच्च गुणवत्ता वाला इस्पात निर्मित होगा।

पीएमओ ने कहा कि नगरनार स्थित एनएमडीसी स्टील लिमिटेड का इस्पात संयंत्र हजारों लोगों को संयंत्र में और अनुषांगिक व सहयोगी उद्योगों में रोजगार के अवसर देगा तथा इलाके के सामाजिक-आर्थिक विकास में तेजी लाकर यह संयंत्र बस्तर को दुनिया के इस्पात मानचित्र में दर्ज करेगा।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री कुछ रेल परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे। प्रधानमंत्री अंतागढ़ व तारोकी के बीच नई रेल लाइन और जगदलपुर और दंतेवाड़ा के बीच डबल रेल लाइन परियोजना का लोकार्पण करेंगे। वे बोरीडांड – सूरजपुर रेल लाइन को दो-तरफा बनाने की परियोजना तथा अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत जगदलपुर स्टेशन के पुर्निवकास की आधारशिला रखेंगे और तारोकी-रायपुर डेमू रेल सेवा को भी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

पीएमओ ने कहा कि इन रेल परियोजनाओं से राज्य के जनजातीय इलाकों में कनेक्टिविटी में सुधार होगा। रेल अवसंरचना में सुधार और नई रेल सेवाओं से स्थानीय लोगों को सुविधा होगी तथा इलाके में आर्थिक विकास को मदद मिलेगी।

इस कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राजमार्ग-43 के ‘कुनकुरी से छत्तीसगढ़-झारखंड सीमा खंड’ पर सड़क उन्नयन परियोजना का भी लोकार्पण करेंगे। इस नई सड़क से सड़क कनेक्टिविटी में सुधार आयेगा और क्षेत्रवासियों को लाभ मिलेगा।

बिलासपुर के कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री तेलंगाना के निजामाबाद पहुंचेंगे, जहां वे बिजली, रेल व स्वास्थ्य जैसे महत्त्वपूर्ण सेक्टरों की लगभग 8000 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।

प्रधानमंत्री एनटीपीसी की तेलंगाना सुपर थर्मल पॉवर परियोजना के पहले 800 मेगावॉट संयंत्र के चरण-एक का लोकार्पण करेंगे। पीएमओ ने कहा, ‘‘इसके जरिये तेलंगाना को सस्ती बिजली मिलेगी और राज्य के आर्थिक विकास में तेजी आयेगी। यह देश में पर्यावरण हित के सभी मानदंडों को पूरा करने वाले बिजली स्टेशनों में शामिल हो जायेगा।’’

प्रधानमंत्री इस दौरान मनोहराबाद और सिद्दीपेट को जोड़ने वाली नई रेल लाइन, धर्माबाद-मनोहराबाद और महबूबनगर-कुरनूल के बीच विद्युतीकरण सहित कई रेल परियोजनाओं की आधारशीला रखेंगे। वह सिद्दीपेट-सिकंदराबाद-सिद्दीपेट रेल सेवा को भी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

तेलंगाना में स्वास्थ्य अवसंरचना को गति देने के प्रयासों के तहत, प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन के तहत मोदी पूरे राज्य में गहन चिकित्सा सुविधा के 20 प्रखंडों का शिलान्यास करेंगे। इन प्रखंडों को आदिलाबाद, भद्राद्री कोठागुंडम, जयशंकर भूपलपल्ली, जोगुलांबा गडवाल, हैदराबाद, खम्मम, कुमुरम भीम आसिफाबाद, मनचेरियाल, महबूबनगर (बेड़ापल्ली), मुलूगू, नगरकुरनूल, नलगोंडा, नारायणपेट, निर्मल, राजन्ना सिरकिला, रंगारेड्डी (महेश्वरम्), सूर्यपेट, पेडापल्ली, विकाराबाद और वारंगल (नरसमपेट) जिलों में निर्मित किया जायेगा।

पीएमओ ने कहा, ‘‘इन प्रखंडों के निर्माण से पूरे तेलंगाना में जिला स्तर पर गहन चिकित्सा सुविधा अवसंचरना में सुधार आयेगा तथा राज्य के लोगों को लाभ मिलेगा।’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav