भुवनेश्वर. ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने सोमवार को आरोप लगाया कि राज्य में विपक्षी पार्टी भाजपा और कांग्रेस झूठी सूचना के जरिये लोगों को गुमराह कर रही हैं. पटनायक ने कहा कि इन दलों को पहले भी खारिज किया गया है और ऐसा फिर से होगा.
बीजू जनता दल (बीजद) की जनसंपर्क पदयात्रा की शुरुआत करते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पटनायक ने आरोप लगाया कि राज्य में विपक्षी दल पुरी के जगन्नाथ मंदिर और भुवनेश्वर में लिंगराज मंदिर के आसपास विकास परियोजनाओं में रोड़े अटकाने की साजिश रच रहे हैं.
उन्होंने कहा, ”वे झूठी सूचना के जरिये लोगों को गुमराह कर रहे हैं. जब कभी चुनाव नजदीक आता है वे इस तरह की चीजें करते हैं, लेकिन हमेशा ही लोगों द्वारा खारिज कर दिये जाते हैं.” उन्होंने दावा किया कि लोग विपक्ष के जन-विरोधी और विकास-विरोधी नीतियों से अवगत हैं. उन्होंने कहा, ”लोग उन्हें (विपक्षी दलों को) कभी माफ नहीं करेंगे.” अगले वर्ष होने वाले लोकसभा और विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए शुरू की गई ‘पदयात्रा’ के हिस्से के रूप में, बीजद राज्य के सभी 314 ब्लॉक में लोगों से संपर्क करेगा. कार्यक्रम 11 अक्टूबर तक जारी रहेगा.
पटनायक ने अपनी सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बीजद महिलाओं, गरीबों, युवाओं, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के सशक्तीकरण के लिए काम कर रहा है. उन्होंने कहा, ”लेकिन, विपक्षी दल राज्य में किए गए विकास कार्यों से खुश नहीं हैं.” उन्होंने कहा, ”ओडिशा ने खाद्य सुरक्षा, आपदा प्रबंधन, खेल और आईटी में अन्य राज्यों के लिए एक मानक स्थापित किया है. राज्य ने निवेश आर्किषत करने में देश में दूसरा स्थान हासिल किया है.” मुख्यमंत्री के दावे को खारिज करते हुए भाजपा ने सरकार से औद्योगिकीकरण, रोजगार सृजन, किसानों की आय और सिंचाई सुविधाओं पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग की.
भाजपा की प्रदेश इकाई के प्रवक्ता अनिल बिस्वाल ने आरोप लगाया, ”विकास के नाम पर बीजद दुष्प्रचार कर रहा है. उसके 23 साल के शासन के दौरान राज्य 23 साल पीछे चला गया है.” उन्होंने दावा किया, ”बीजद के भीतर जन-विरोधी नेता हैं. जो लोग बलात्कार और हत्या में संलिप्त हैं, वे सत्तारूढ़ दल का हिस्सा हैं.” कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नरसिंह मिश्रा ने दावा किया कि पटनायक के बयान तथ्यों पर आधारित नहीं हैं. उन्होंने कहा, ”पांच बार के मुख्यमंत्री चुनाव जीतने की रणनीतियों से बखूबी अवगत हैं.”