इंदौर. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने सोमवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी कुछ लोगों को पैसे देकर उनसे अपने नाम से लेख लिखवाते हैं. विजयवर्गीय ने सोशल मीडिया मंच “एक्स” पर ”सत्यम शिवम सुंदरम” के शीर्षक से हिंदू धर्म के बारे में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साझा किए गए लेख को लेकर प्रतिक्रिया मांगे जाने पर यह आरोप लगाया है.
भाजपा महासचिव ने इंदौर में संवाददाताओं से बात करते हुए आरोप लगाया,” राहुल गांधी ने ऐसे लोग रखे हुए हैं जो भुगतान लेकर उनके लिए लिखते हैं. वह कुछ भी लिखते रहते हैं.” विजयवर्गीय ने दावा किया कि गांधी को कोई भी व्यक्ति गंभीरता से नहीं लेता है, इसलिए उनकी बातों से देश और समाज पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा.