संजय सिंह की गिरफ्तारी के बाद आप में ‘घबराहट’, शराब मामले में केजरीवाल भी जांच के दायरे में : भाजपा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 05 Oct 2023 10:00 PM
संजय सिंह की गिरफ्तारी के बाद आप में ‘घबराहट’, शराब मामले में केजरीवाल भी जांच के दायरे में : भाजपा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बृहस्पतिवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि आप आदमी पार्टी (आप) का नेतृत्व राज्य सभा सदस्य संजय सिंह की ‘शराब घोटाले’ में गिरफ्तारी से ‘घबराया’ हुआ है और उन्हें बचाने के लिए भारी मात्रा में अपने संसाधनों का व्यय कर रहा है.

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को ‘आप’ नेता संजय सिंह को हिरासत में ले लिया था. मनीष सिसोदिया के बाद वह दूसरे कद्दावर ‘आप’ नेता हैं जिन्हें ईडी ने अब रद्द हो चुकी आबकारी नीति में कथित अनियमितता के आरोप में गिरफ्तार किया है. भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला और सांसद प्रवेश वर्मा ने पार्टी मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि केजरीवाल इस ‘घोटाले के सरगना’ हैं और उनकी भूमिका की भी जल्द जांच की जाएगी.

वर्मा ने सवाल किया, ”क्या केजरीवाल को देश की न्यायपालिका पर भरोसा नहीं जो उनकी पार्टी प्रदर्शन कर रही है और भ्रष्ट को बचाने के लिए बड़ी मात्रा में राशि व्यय कर रही है.” उन्होंने दावा किया कि केजरीवाल ने मामले में आरोपी सिंह और सिसोदिया को ‘बचाने’ के लिए ‘बड़े वकीलों’ की सेवा लेने पर 60 करोड़ रुपये खर्च किए हैं.

भाजपा नेताओं ने कहा कि केजरीवाल की पूरी पार्टी सिंह को बचाने की कोशिश कर रही है जिन्हें ‘शराब घोटाले’ में पकड़ा गया है.
उन्होंने कहा, ”आप नेता सिंह की गिरफ्तारी के बाद घबराए हैं और बेतुकी बातें कर रहे हैं. अरविंद केजरीवाल जो खुद को आईआरएस (भारतीय राजस्व सेवा) अधिकारी बताते हैं, वास्तव में वह शराब घोटाले के सूत्रधार हैं और वह भी जल्द जांच के दायरे में आएंगे.”

केजरीवाल और उनकी पार्टी पर हमेशा पीड़ित के तौर पर पेश करने का आरोप लगाते हुए वर्मा ने कहा कि अब वे कह रहे हैं कि भाजपा चुनाव से डर गई है. उन्होंने कहा, ”ये बातें केजरीवाल और आप की तब मदद नहीं करेंगी जब ईडी संजय सिंह से पूछताछ करेगी.” उन्होंने दावा किया कि ईडी ने अदालत को बताया कि सिंह दो करोड़ रुपये की लेनदेन में संलिप्त है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu