विश्व कप कवर करने वाली पाकिस्तान की प्रस्तोता के भारत छोड़ने पर विवाद

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 09 Oct 2023 09:31 PM
विश्व कप कवर करने वाली पाकिस्तान की प्रस्तोता के भारत छोड़ने पर विवाद
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. आईसीसी डिजिटल टीम के लिए भारत में खेले जा रहे एकदिवसीय विश्व कप को कवर करने वाली पाकिस्तान की प्रस्तोता जैनब अब्बास के भारत छोड़ने पर विवाद हो गया है. माना जा रहा कि अतीत में सोशल मीडिया पर कथित तौर पर भारत विरोधी पोस्ट को लेकर विवाद होने के बाद उन्होंने सोमवार को इस देश को छोड़ दिया.

खेल की शासी निकाय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने हालांकि दावा किया जैनब ने व्यक्तिगत कारणों से भारत छोड़ा है.
जैनब को पाकिस्तान के हैदराबाद में खेले जाने वाले मैचों सहित तीन मैचों को कवर करने के लिए नियुक्त किया गया था. यह 35 साल की प्रस्तोता छह अक्टूबर को नीदरलैंड के खिलाफ पाकिस्तान के विश्व कप के पहले मैच के दौरान हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में मौजूद थी.

जैनब ने अपने ‘एक्स’ अकाउंट पर जब यह घोषणा की कि वह भारत में आईसीसी के लिए विश्व कप को कवर करेंगी तब उनके नाम के असत्यापित ‘एक्स’ अकाउंट पर अतीत के कुछ पोस्ट वायरल हो गये. टूर्नामेंट के बीच में भारत से उनके जाने को लेकर सोशल मीडिया पर अटकलें तेज होने के बाद आईसीसी ने स्पष्ट किया कि जैनब को मेजबान देश से नहीं निकाला गया है.

आईसीसी के एक प्रवक्ता ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ” जैनब को निर्वासित नहीं किया गया है, वह निजी कारणों से वापस गई है.” जैनब पिछले सप्ताह हैदराबाद पहुंची थी. हैदराबाद से उन्हें बेंगलुरु, चेन्नई और अहमदाबाद सहित उन शहरों की यात्रा करनी थी जहां पाकिस्तान को खेलना है.

पाकिस्तान के पूर्व खिलाड़ी रमीज राजा और वकार यूनिस एकदिवसीय विश्व कप के लिए आईसीसी के कमेंट्री पैनल के हिस्से के रूप में भारत में हैं. पांच अक्टूबर को शुरू हुआ विश्व कप 19 नवंबर तक चलेगा. पाकिस्तान क्रिकेट टीम का 27 सितंबर को हैदराबाद हवाई अड्डे पर जोरदार स्वागत हुआ. टीम की सात साल में यह भारत की पहली यात्रा है. कप्तान बाबर आजम सहित क्रिकेटरों ने स्वीकार किया है कि भारत आने के बाद से उन्हें भारी समर्थन मिल रहा है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu