इजराइल-हमास संघर्ष के बीच मेरी चचेरी बहन, जीजा की हत्या कर दी गई : अभिनेत्री मधुरा नाइक

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 11 Oct 2023 07:46 PM
इजराइल-हमास संघर्ष के बीच मेरी चचेरी बहन, जीजा की हत्या कर दी गई : अभिनेत्री मधुरा नाइक
ऑडियो सुनें

मुंबई. ‘प्यार की ये एक कहानी’ और ‘नागिन’ समेत अन्य टीवी धारावाहिक की मशहूर अभिनेत्री मधुरा नाइक ने कहा है कि उनकी चचेरी बहन और जीजा की चार दिन पहले इजराइल-हमास संघर्ष के दौरान ‘बेरहमी से हत्या’ कर दी गई. इंस्टाग्राम पर मंगलवार को साझा किए गए एक वीडियो में खुद को भारतीय मूल की यहूदी बताने वालीं नाइक ने दावा किया कि उनके रिश्तेदारों की सात अक्टूबर को हत्या कर दी गई.

नाइक ने कहा, ”मेरी चचेरी बहन ओडाया की उनके पति के साथ उनके दो बच्चों के सामने ही बेरहमी से हत्या कर दी गई. आज मुझे और मेरे परिवार को जिस दुख और सदमे का सामना करना पड़ रहा है, उसे शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता है. आज पूरा इजराइल दर्द में है.” अदाकारा ने कहा, ”इजराइल के बच्चे, वहां की महिलाएं और वहां की सड़कें हमास के गुस्से की आग में जल रही हैं. महिलाओं, बच्चों, बूढ़ों और कमजोरों को निशाना बनाया जा रहा है.” सोशल मीडिया पर अपनी बहन और परिवार की एक तस्वीर साझा करने के बाद नाइक ने कहा कि वह ”यह देखकर हैरान हैं कि फलस्तीन समर्थक अरब द्रुष्प्रचार कितना गहरा है.”

उन्होंने वीडियो में कहा, ”यहूदी होने के कारण मुझे र्शिमंदा किया गया, अपमानित किया गया और निशाना बनाया गया. आज मैं अपनी भावनाओं को व्यक्त करना चाहती हूं और अपने प्रशंसकों, दोस्तों, उन लोगों को बताना चाहती हूं जिन्हें मैं प्यार करती हूं और उन लोगों को भी बताना चाहती हूं जिन्होंने इतने वर्षों तक मेरे द्वारा किए गए सभी कार्यों के लिए मेरा समर्थन किया है.”

नाइक ने यह भी कहा कि वह ”किसी भी तरफ से हिंसा या दमन का समर्थन नहीं करतीं.” नाइक ने रवींद्रनाथ टैगोर की कविता ‘जहां मन भय रहित हो’ को पढ़ते हुए वीडियो के समापन में कहा, ”यहूदी होने के नाते हमें भी उनके (फलस्तीनियों) जितना ही शांति और सद्भाव का अधिकार है. मेरा दिल उन सभी के रो रहा है, जिन्होंने अपनी जान गंवाई, जो लापता हैं, जिन्हें बंधक बना लिया गया है, निर्दोष बच्चों और उन सभी के लिए जो इसका सामना कर रहे हैं.”

यह संघर्ष शनिवार को हमास के चरमपंथियों के इजराइल में घुसने के बाद शुरू हुआ, जिससे दशकों में पहली बार इजराइल की सड़कों पर भीषण गोलीबारी हुई. दोनों तरफ से 1,800 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है. इजराइल के अनुसार, गाजा में हमास और अन्य आतंकवादी समूहों ने 150 से अधिक सैनिकों और नागरिकों को बंधक बना रखा है. हमलों के बीच 36 घंटे तक इजराइल में फंसे रहने के बाद रविवार को भारत लौटीं अभिनेत्री नुसरत भरुचा ने मंगलवार को इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट में अपने जीवन के ”कभी ना भुलने वाले और चुनौतीपूर्ण” समय के बारे में बताया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu