देश में 60 करोड़ गरीब लोगों का उत्थान मोदी सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि : अमित शाह

अहमदाबाद. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को कहा कि 60 करोड़ गरीब लोगों का उत्थान मोदी सरकार द्वारा किया गया सबसे बड़ा कार्य है. उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि ग्रामीण क्षेत्र के गरीबों को देश के आर्थिक विकास का सबसे बड़ा लाभार्थी होना चाहिए. शाह ने अहमदाबाद जिले के साणंद में एक औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) और 550 बिस्तरों वाले अस्पताल सहित विभिन्न परियोजनाओं की आधारशिला रखी.

उन्होंने कहा कि साणंद जीआईडीसी में बनने वाली आईटीआई स्थानीय लोगों को कारखानों की आवश्यकता के अनुसार कौशल प्रशिक्षण प्रदान करेगी ताकि उन्हें औद्योगिक क्षेत्र में स्थित इकाइयों में नौकरी मिल सके. शाह ने कहा, ”ग्रामीण इलाकों में रहने वाले गरीब नागरिक देश और राज्य के आर्थिक विकास के सबसे बड़े लाभार्थी होने चाहिए. इसके लिए ऐसी सुविधाएं तैयार करना हमारी (सरकार की) प्राथमिकता है.”

उन्होंने केंद्र सरकार की विभिन्न उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत 11वें स्थान से दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया और चंद्रयान चंद्रमा पर उतरा. केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मोदी के प्रधानमंत्री बनने से पहले (2014 में) गरीब लोग अपने घरों में शौचालय होने की कल्पना भी नहीं कर सकते थे, लेकिन आज 10 करोड़ से ज्यादा घरों में शौचालय हैं.

Related Articles

Back to top button