कांग्रेस कार्यालय पर लगे बैनर में राहुल गांधी को 2024 का प्रधानमंत्री बताया गया, सपा ने किया पलटवार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 26 Oct 2023 09:35 PM
कांग्रेस कार्यालय पर लगे बैनर में राहुल गांधी को 2024 का प्रधानमंत्री बताया गया, सपा ने किया पलटवार
ऑडियो सुनें

लखनऊ. समाजवादी पार्टी (सपा) के एक कार्यकर्ता द्वारा पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव को देश का ‘भावी प्रधानमंत्री’ बताने वाला बैनर लगाए जाने के बाद लखनऊ में एक कांग्रेस कार्यकर्ता ने भी पार्टी दफ्तर के सामने ऐसी ही एक होर्डिंग लगा दी है. इसमें पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को ‘वर्ष 2024 में प्रधानमंत्री’ और 2027 में उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय को ‘राज्य का मुख्यमंत्री’ बनाने का आह्वान किया गया है.

पिछले सोमवार को समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को देश का ‘भावी प्रधानमंत्री’ बताने वाला एक बड़ा बैनर पार्टी कार्यालय के बाहर दिखाई दिया था जिससे राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई थी. सत्तारूढ. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इसे यादव के सहयोगियों के ”मुंगेरी लाल के हसीन सपने” और ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस’ (‘इंडिया’ गठबंधन) के अन्य सदस्यों पर दबाव बनाने का प्रयास बताया.

इसके बाद बृहस्पतिवार को कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय के बाहर पार्टी कार्यकर्ता नितांत सिंह नितिन द्वारा लगाए गए होर्डिंग में राहुल गांधी और अजय राय की तस्वीरों के साथ लिखा है, ”2024 में राहुल, 2027 में राय, देश-प्रदेश बोल रहा है, हाथ के साथ आएं.” नितिन ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ”यह कार्यकर्ताओं की भावना है. साथ ही आम लोग भी कांग्रेस के साथ आना चाहते हैं.”

उन्होंने कहा, ”आगामी लोकसभा चुनाव में कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला होगा और राहुल प्रधानमंत्री बनेंगे. उसके बाद अजय राय उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनेंगे. लोगों में कांग्रेस पार्टी के प्रति विश्वास बढ. रहा है.” कांग्रेस के एक अन्य वरिष्ठ नेता द्विजेंद्र त्रिपाठी ने कहा कि होर्डिंग एक पार्टी कार्यकर्ता द्वारा लगाया गया है और यह उनकी और अन्य कार्यकर्ताओं की भावनाओं की अभिव्यक्ति है. राजनीति में ऐसा अक्सर देखा जाता है.

सपा कार्यालय के सामने पोस्टर लगाने वाले पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता फखरुल हसन ‘चांद’ ने कांग्रेस कार्यकर्ता द्वारा लगायी गयी होर्डिंग पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा, ”कांग्रेस और भाजपा दोनों एक ही हैं और समाजवादी लंबे समय से यह बात कह रहे हैं. कोई भी पार्टी पोस्टर लगा सकती है. यह उसकी भावनाएं हो सकती हैं.”

उन्होंने कहा, ”पिछड़े, दलितों और अल्पसंख्यकों की लड़ाई सपा ही लड़ रही है. कांग्रेस चाहे जितने पोस्टर लगा ले लेकिन जनता सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को ही प्रधानमंत्री बनाना चाहती है.” हसन ने दलील देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का वोट तो कई क्षेत्रीय दलों से भी कम था.

हसन ने सपा दफ्तर के गत 23 अक्टूबर को लगाये गये पोस्टर में कहा था, ”देश के भावी प्रधानमंत्री आदरणीय अखिलेश यादव जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं.” हालांकि, अखिलेश यादव की आधिकारिक जन्मतिथि एक जुलाई है. सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने ‘इंडिया’ गठबंधन के तहत मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस द्वारा एक भी टिकट नहीं दिये जाने पर हाल में सख्त नाराजगी जाहिर की थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu