कांग्रेस ने तेलंगाना के लिए 45 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की, अजहरुद्दीन को जुबली हिल्स से टिकट

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 27 Oct 2023 09:40 PM
कांग्रेस ने तेलंगाना के लिए 45 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की, अजहरुद्दीन को जुबली हिल्स से टिकट
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस ने तेलंगाना विधानसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को 45 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की, जिसमें भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन का नाम भी शामिल है. पार्टी की ओर से घोषित उम्मीदवारों की सूची के अनुसार, अजहरुद्दीन को हैदराबाद शहर के जुबली हिल्स विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया गया है. वह उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद संसदीय क्षेत्र से लोकसभा सदस्य रह चुके हैं.

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेता मधु गौड़ याक्षी को लाल बहादुर नगर, के. राजगोपाल रेड्डी को मुनुगोडे, मुरली नाइक को महबूबाबाद और रॉबिन रेड्डी को अंबरपेट से टिकट दिया गया है. कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) ने तेलंगाना विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों के चयन पर शुक्रवार को फिर से चर्चा की थी. सीईसी ने बुधवार को भी तेलंगाना को लेकर बैठक की थी. पार्टी तेलंगाना की कुल 119 सीट में से 100 पर अपने उम्मीदवार घोषित कर चुकी है.

तेलंगाना में 119 विधानसभा सीट के लिए एक चरण में, 30 नवंबर को मतदान होगा, जबकि मतों की गिनती तीन दिसंबर को की जाएगी. तेलंगाना में भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) की सरकार है. कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उसे चुनौती देने का प्रयास कर रही हैं. राज्य में 2018 में हुए पिछले विधानसभा चुनावों में बीआरएस (तत्कालीन टीआरएस) ने 88 सीट जीतकर अपनी सत्ता बरकरार रखी थी. वहीं, कांग्रेस को 19 और एआईएमआईएम को सात सीट पर जीत मिली थी. भाजपा को सिर्फ एक सीट से संतोष करना पड़ा था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu