तेलंगाना : चुनाव प्रचार के दौरान बीआरएस सांसद के. प्रभाकर रेड्डी पर चाकू से हमला

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 30 Oct 2023 07:22 PM
तेलंगाना : चुनाव प्रचार के दौरान बीआरएस सांसद के. प्रभाकर रेड्डी पर चाकू से हमला
ऑडियो सुनें

हैदराबाद. तेलंगाना में सत्तारूढ़ भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के सांसद एवं दुब्बक विधानसभा क्षेत्र से पार्टी के उम्मीदवार के. प्रभाकर रेड्डी पर सिद्दीपेट जिले में एक व्यक्ति ने चाकू से कथित तौर पर हमला कर दिया. घटना के समय वह प्रचार कर रहे थे. पुलिस ने यह जानकारी दी.

पुलिस ने बताया कि घटना के बाद आरोपी को हिरासत में ले लिया गया, जिसकी पहचान 38 वर्षीय राजू के रूप में हुई है. इसने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या का प्रयास के तहत मामला दर्ज किया गया है. मेडक लोकसभा क्षेत्र से सांसद रेड्डी के पेट में चाकू लगने के घाव हैं और उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया. हालांकि, बाद में उन्हें उपचार के लिए हैदराबाद स्थानांतरित किया गया. पुलिस ने कहा कि उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है.

सिद्दीपेट की पुलिस आयुक्त एन. स्वेता ने कहा कि सांसद से मिलने आया आरोपी उनके करीब गया और उन पर चाकू से हमला कर दिया. पार्टी के कुछ कार्यकर्ताओं ने तुरंत आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस ने बताया यह घटना दौलताबाद मंडल में उस समय हुई, जब प्रभाकर रेड्डी प्रचार कर रहे थे. पार्टी ने उन्हें राज्य में 30 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव में दुब्बक सीट से मैदान में उतारा है. इस घटना को लेकर मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव ने बांसवाड़ा में एक चुनावी रैली में कहा कि सभी को एक स्वर में इस कृत्य की निंदा करनी चाहिए.

राव ने कहा, ”मैं कहता हूं कि दुब्बक के हमारे उम्मीदवार पर हमला, मुझ पर हमला है.” उन्होंने कहा, ”अगर हमले नहीं रुके, तो हममें भी साहस है. अगर हम भी वैसे ही कृत्य करेंगे, तो तुम नहीं बचोगे.” उन्होंने तेलंगाना के लोगों और बुद्धिजीवियों से राजनीति में हिंसा की निंदा करने की अपील की. तेलंगाना की राज्यपाल तमिलिसाई सौंदरराजन ने घटना पर दुख व्यक्त किया और राज्य के पुलिस महानिदेशक को घटना की जांच करने तथा चुनाव अवधि के दौरान उम्मीदवारों और प्रचारकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

राजभवन द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, राज्यपाल ने कहा, ”मैं दौलताबाद मंडल के सुरमपल्ली में चुनाव प्रचार के दौरान दुब्बक सीट से बीआरएस उम्मीदवार प्रभाकर रेड्डी पर हमले के बारे में जानकर स्तब्ध हूं. लोकतंत्र में हिंसा का कोई स्थान नहीं है और ऐसी घटनाएं लोकतांत्रिक प्रक्रिया के लिए खतरा हैं.” इस बीच, तेलंगाना के स्वास्थ्य एवं वित्त मंत्री टी. हरीश राव ने घटना की कड़ी निंदा की और कहा कि सरकार ने इसे गंभीरता से लिया है.

हरीश राव ने कहा, ”प्रभाकर रेड्डी पर हमले में कोई राजनीतिक साजिश है या नहीं, इसकी गहन जांच की जाएगी.” समाचार चैनलों पर प्रसारित फुटेज में एक वाहन में बैठे प्रभाकर रेड्डी अपने पेट पर लगे चाकू के घाव को (रक्तस्राव को रोकने के लिए) दबाते हुए दिखाई दे रहे हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu