गाजियाबाद में एक कुख्यात अपराधी पुलिस के साथ मुठभेड़ में ढेर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 30 Oct 2023 07:18 PM
गाजियाबाद में एक कुख्यात अपराधी पुलिस के साथ मुठभेड़ में ढेर
ऑडियो सुनें

लखनऊ. गाजियाबाद में पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में एक कुख्यात अपराधी मारा गया, जिस पर बीटेक प्रथम वर्ष की छात्रा को लूटने के एक मामले में 25,000 रुपये का नकद इनाम घोषित था. पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी. एक ऑटो रिक्शा में जा रही कंप्यूटर साइंस की प्रथम वर्ष की छात्रा कीर्ति सिंह (19) से उसका फोन छीनने के प्रयास में बदमाशों ने उसे शुक्रवार को रिक्शा से बाहर खींच लिया था, जिससे वह डिवाइडर पर जा गिरी और घायल हो गई थी . उसके सिर में गंभीर चोट आई थी और उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया था.

कीर्ति गाजियाबाद के एबीईएस इंजीनियरिंग कॉलेज की छात्रा थी और कॉलेज के छात्रावास में रहती थी. जिस वक्त यह घटना हुई, वह ऑटोरिक्शा में एक सहपाठी के साथ हापुड़ स्थित अपने घर जा रही थी. गाजियाबाद में पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) विवेक चंद्र यादव ने बताया कि छात्रा वेंटिलेटर पर थी और रविवार की रात उसकी मृत्यु हो गई. उन्होंने बताया कि ड्यूटी में लापरवाही करने के लिए मसूरी थाने के एसएचओ रवींद्र चंद पंत को निलंबित कर दिया गया है और दो उपनिरीक्षकों- तनवीर आलम और पुनीत सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया है.

पुलिस ने कहा कि रविवार देर रात मसूरी पुलिस थाना अंतर्गत गंगनहर ट्रैक के पास पुलिस वाहनों की जांच कर रही थी. पुलिस ने बताया कि उसी समय मोटरसाइकिल पर सवार दो लोग आए, जिन्हें रुकने को कहा गया, लेकिन वे भागने लगे और पुलिस पर गोली चलाई, जिससे एक उप निरीक्षक घायल हो गए.

पुलिस ने बताया कि कि जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल हुआ, जबकि दूसरा भाग निकला. पुलिस ने बताया कि घायल को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई. पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान जितेंद्र उर्फ जीतू के रूप में हुई है और उसके खिलाफ मसूरी, कविनगर और मुरादनगर थानों में 12 मामले दर्ज हैं. पुलिस ने बताया कि वर्ष 2020 में जितेंद्र के खिलाफ गिरोहबंद अधिनियम (गैंगस्टर ऐक्ट) के तहत भी एक मामला दर्ज किया गया था.

छात्रा कीर्ति सिंह के साथ लूट का मामला 27 अक्टूबर को मसूरी थाना क्षेत्र में हुआ था, जिसमें जीतू और उसके साथी शामिल थे. इस मामले में फरार जीतू पर 25,000 रुपये का इनाम घोषित था. मसूरी पुलिस ने शनिवार की रात एक और झपटमार बलवीर को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया. बलवीर के पैर में भी गोली लगी है. इस बीच, कीर्ति के पिता ने आरोपियों को कड़ी सजा दिए जाने की मांग की है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu