जब तक मैं जिंदा हूं, तेलंगाना शांतिप्रिय व धर्मनिरपेक्ष बना रहेगा : मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 30 Oct 2023 08:23 PM
जब तक मैं जिंदा हूं, तेलंगाना शांतिप्रिय व धर्मनिरपेक्ष बना रहेगा : मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव
ऑडियो सुनें

हैदराबाद. भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) अध्यक्ष और तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव ने सोमवार को कहा कि जब तक वह जीवित हैं, राज्य शांतिप्रिय और धर्मनिरपेक्ष बना रहेगा. राव ने जुक्कल में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि बीआरएस ‘गंगा-जमुनी तहजीब’ के सिद्धांतों का पालन करना जारी रखेगी, जिसके लिए तेलंगाना को देश में दूसरों के लिए एक उदाहरण के रूप में पेश किया जाता है.

उन्होंने कहा, ”तेलंगाना एक शांतिप्रिय, धर्मनिरपेक्ष राज्य है. मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि जब तक केसीआर जीवित हैं, तेलंगाना एक शांतिप्रिय और धर्मनिरपेक्ष राज्य बना रहेगा.” राव ने कहा कि बीआरएस सभी वर्गों को साथ लेकर चलने में विश्वास रखता है, चाहे वह हिंदू हो, मुस्लिम हो या ईसाई हो. बीआरएस अध्यक्ष ने कहा कि सबकी प्रगति ही तेलंगाना की प्रगति है. कांग्रेस पर हमला तेज करते हुए राव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने तेलंगाना के गठन में देरी की.

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने (वर्ष 2004 में) तेलंगाना के गठन के वादे पर बीआरएस के साथ गठबंधन किया था और अगर राज्य का गठन तब हुआ होता, तो इसने और भी बेहतर प्रगति की होती. राव ने कहा कि तत्कालीन संप्रग सरकार ने तब तेलंगाना के गठन की घोषणा की थी, जब उन्होंने अनिश्चितकालीन अनशन किया था. बीआरएस प्रमुख ने आरोप लगाया कि घोषणा के बावजूद कांग्रेस ने तेलंगाना के गठन में और देरी की तथा, अंतत? एक आंदोलन (2014 में) के मद्देनजर अपना वादा पूरा किया.

राव ने कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार पर उनकी उस कथित टिप्पणी को लेकर हमला बोला कि तेलंगाना सरकार किसानों को पांच घंटे ही मुफ्त बिजली आपूर्ति कर रही है. उन्होंने कहा कि तेलंगाना किसानों को 24 घंटे मुफ्त बिजली आपूर्ति प्रदान करता है.
राव ने दावा किया, ”कांग्रेस मुफ्त सुविधा के वादे करती है. लेकिन, उसके पास इसे ठीक से लागू करने की कोई नीति नहीं है. हमारे पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ. में, उन्होंने ऋण माफी का वादा किया था. वे इसे टाल गए और ऐसा नहीं किया.”

उन्होंने अपनी सरकार के जनकल्याण कार्यक्रमों पर भी प्रकाश डाला, जिसमें कृषि ऋण माफी, नल के माध्यम से पीने के पानी की आपूर्ति, ‘रायथु बंधु’ निवेश सहायता योजना और किसानों के लिए रायथु बीमा जीवन बीमा योजना शामिल है. राव ने दावा किया कि तेलंगाना प्रति व्यक्ति आय मामले में देश में अव्वल स्थान पर है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu