कोच्चि में बम विस्फोटों की जिम्मेदारी लेने वाले व्यक्ति को पुलिस ने किया गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 30 Oct 2023 09:38 PM
कोच्चि में बम विस्फोटों की जिम्मेदारी लेने वाले व्यक्ति को पुलिस ने किया गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

कोच्चि. कोच्चि में एक ईसाई धार्मिक सभा में बम विस्फोटों की जिम्मेदारी लेने वाले व्यक्ति को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया. रविवार को किये गये इन विस्फोटों में अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 50 से अधिक लोग घायल हो गये थे.
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि डोमनिक मार्टिन की गिरफ्तारी सात बजे शाम को औपचारिक रूप से दर्ज की गई.

ये विस्फोट कोच्चि के पास कलमस्सेरी में एक ‘कन्वेंशन सेंटर’ में किए गए थे, जहां रविवार को ‘यहोवा के साक्षी’ के लिए एक प्रार्थना सभा आयोजित की गई थी. ‘यहोवा के साक्षी’ एक ईसाई धार्मिक संप्रदाय है जिसकी उत्पत्ति 19 वीं शताब्दी में अमेरिका में हुई थी.
विस्फोट के कुछ घंटों बाद ‘यहोवा के साक्षी’ से अलग होने का दावा करने वाले मार्टिन ने राज्य के त्रिशूर जिले में पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया और कहा कि उसने कई विस्फोटों को अंजाम दिया.

आत्मसमर्पण करने से पहले उसने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया जिसमें उसने विस्फोटों को अंजाम देने के कारण बताए.मामले की जांच के लिए रविवार शाम तक एडीजीपी अजित कुमार की अध्यक्षता में केरल पुलिस की 21 सदस्यीय विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया था.

शुरुआत में बताया गया था कि विस्फोटों में एक महिला की मौत हो गई जबकि 60 लोग घायल हो गए जिनमें से छह की हालत गंभीर थी. इसके बाद गंभीर रूप से घायल छह लोगों में शामिल 53 वर्षीय महिला ने दम तोड़ दिया. इसी तरह सोमवार सुबह भी एक 12 वर्षीय लड़की की मौत हो गई जिससे धमाकों के कारण मरने वालों की संख्या तीन हो गई. फिलहाल विस्फोट में घायल हुए 21 लोगों का इलाज चल रहा है जिनमें से 16 लोग गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) में हैं. इन 16 में से तीन की हालत बेहद नाजुक है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu