राहुल गांधी ने तेलंगाना में पिछड़ी जाति के नेता को मुख्यमंत्री बनाने के भाजपा के वादे पर तंज कसा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 01 Nov 2023 07:43 PM
राहुल गांधी ने तेलंगाना में पिछड़ी जाति के नेता को मुख्यमंत्री बनाने के भाजपा के वादे पर तंज कसा
ऑडियो सुनें

हैदराबाद. तेलंगाना में पिछड़ी जाति के किसी नेता को मुख्यमंत्री बनाने के वादे को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तंज कसते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को पूछा कि भाजपा ऐसा कैसे कर सकती है जबकि उसे बहुत ही कम वोट मिलने वाले हैं.
तेलंगाना के कलवाकुर्थी में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने दावा किया कि भाजपा नेता राज्य में अपनी संभावनाओं के बारे में ”डींगे मारते” थे. लेकिन, कांग्रेस ने तेलंगाना में ”भाजपा की गाड़ी के चारों टायर को पंचर कर दिया है.”

उन्होंने कहा, ”आपको यहां दो प्रतिशत वोट मिलेंगे, तो आप मुख्यमंत्री कैसे बना सकते हैं.” केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हाल में एक चुनावी रैली में 30 नवंबर के विधानसभा चुनाव के बाद तेलंगाना में भाजपा के सत्ता में आने पर पिछड़े वर्ग के नेता को मुख्यमंत्री बनाने की घोषणा की थी. राहुल गांधी ने तंज कसते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अमेरिका जाएंगे और कहेंगे कि वह अमेरिका में एक ओबीसी को राष्ट्रपति बनाएंगे.

उन्होंने कहा, ”आप न तो अमेरिका में राष्ट्रपति बना पाएंगे और न ही यहां (तेलंगाना में) मुख्यमंत्री बना पाएंगे.” राहुल गांधी ने भाजपा और तेलंगाना की सत्तारूढ़ पार्टी बीआरएस के बीच मौन सहमति के अपने आरोप को दोहराया. उन्होंने कहा कि सभी विपक्षी नेताओं के खिलाफ ईडी और सीबीआई के मामले हैं और उनके खिलाफ 24 मामले हैं. कांग्रेस नेता ने कहा कि उनकी लोकसभा सदस्यता रद्द कर दी गई थी और उन्हें दिया गया सरकारी आवास भी वापस ले लिया गया. गांधी ने कहा कि पूरा भारत और पूरा तेलंगाना उनका घर है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu