अब देश में सीएजी की रिपोर्ट नहीं आती है: पवन खेड़ा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 01 Nov 2023 08:13 PM
अब देश में सीएजी की रिपोर्ट नहीं आती है: पवन खेड़ा
ऑडियो सुनें

जयपुर. कांग्रेस ने केन्द्र सरकार पर निशाना साधते हुए बुधवार को कहा कि अब इस देश में नियंत्रक व महालेखा परीक्षक (सीएजी) की रिपोर्ट नहीं आती है और आरोप लगाया कि यदि रिपोर्ट आती भी है, तो उसे लिखने वाले अंकेक्षक (ऑडिटर) का तबादला कर दिया जाता है.

लोकपाल और सीएजी की रिपोर्ट को लेकर कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने यहां पत्रकारों से कहा, “कहां है सीएजी? क्या होता है सीएजी रिपोर्ट का? 2015 में सीएजी की 55 रिपोर्ट आई थीं, लेकिन 2021 आते आते यह 14 रह गईं.” उन्होंने कहा, ” अब इस देश में सीएजी की रिपोर्ट नहीं आती है और अगर (रिपोर्ट) आती भी है तो जो रिपोर्ट लिखता है उस अंकेक्षक का तबादला कर दिया जाता है.’

राजस्थान में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की हालिया कार्रवाइयों पर उन्होंने कहा, ‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी कांग्रेस से डरते है, इसलिये ईडी को भेजते है. कभी सीडी.. कभी ईडी… पहले चुनाव होता था तो प्रचार में मोदी जी आ जाते थे, अब उनसे काम चल नहीं रहा है तो अब ‘ईडी जी’ आ जाते हैं.’ राजस्थान में 200 सीटों के लिए 25 नवंबर को मतदान होना है. चुनावी मुद्दों के बारे में पूछे जाने पर खेड़ा ने कहा कि कांग्रेस के नारे ‘काम किया दिल से, कांग्रेस फिर से’ में सब कुछ आ जाता है.’ उन्होंने कहा कि इसमें राज्य सरकार की योजनाएं और ‘गारंटी’ भी शामिल हैं.

विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ के सहयोगी दलों के भी राज्य के विधानसभा चुनाव में अलग अलग ताल ठोकने पर कांग्रेस नेता ने कहा कि चुनाव लड़ना सबका हक है और यह गठबंधन 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए है. उन्होंने कहा, ” उससे पहले (‘इंडिया’ में शामिल दल) अगर विधानसभा चुनाव में अपनी किस्मत आजमाना चाहते हैं तो आजमाएं, उसमें क्या दिक्कत है?”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu