हैदराबाद. आयकर विभाग (आईटी) के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को हैदराबाद में कांग्रेस के नेता के. लक्ष्मा रेड्डी के आवास पर तलाशी ली. सूत्रों ने यह जानकारी दी. रेड्डी, 30 नवंबर को राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए महेश्वरम सीट से कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार हैं. आयकर विभाग और निर्वाचन आयोग (ईसी) के अधिकारी लक्ष्मा रेड्डी के आवास पर संयुक्त रूप से तलाशी ले रहे हैं.
तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी (टीपीसीसी) के आधिकारिक प्रवक्ता गौरी सतीश ने राज्य की सत्तारूढ़ भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केंद्र सरकार पर कांग्रेस के उम्मीदवार के घर आईटी और ईसी की छापेमारी कराने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि बीआरएस और भाजपा के बीच सांठगांठ है और वे इस तरह के कृत्यों से कांग्रेस उम्मीदवारों का मनोबल गिराने की कोशिश कर रहे हैं.
उन्होंने आरोप लगाया, “बीआरएस और भाजपा एक ही सिक्के के दो पहलू हैं. दोनों साजिश रच रहे हैं कि कांग्रेस को कैसे नियंत्रित किया जाए. लोगों ने तेलंगाना में 30 नवंबर के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी को समर्थन देने का फैसला किया है और उन्हें (बीआरएस और भाजपा) जनता की राय हजम नहीं हो रही है और इसलिए इन चीजों का सहारा ले रहे हैं.”
सतीश ने कहा, “कांग्रेस की ओर से हम बीआरएस और भाजपा को ऐसी हरकतें न करने की चेतावनी दे रहे हैं.” उन्होंने कहा, तेलंगाना के लोगों को पता होना चाहिए कि भाजपा और बीआरएस “एक ही सिक्के के दो पहलू” हैं. अधिकारी शहर में सुबह से बदांगपेट नगर निगम के महापौर चिगुरिंता पारिजात नरसिम्हा रेड्डी के परिसरों पर भी छापेमारी कर रहे हैं.