कांग्रेस है ‘कट, कमीशन, करप्शन’ की पार्टी : अमित शाह

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 02 Nov 2023 08:11 PM
कांग्रेस है ‘कट, कमीशन, करप्शन’ की पार्टी : अमित शाह
ऑडियो सुनें

करनाल. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को कांग्रेस पर निशाना साधते हुए इसे ”कट, कमीशन और करप्शन” वाली पार्टी करार दिया तथा विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ की आलोचना करते हुए कहा कि 27 दलों ने अपने खुद के हित साधने के लिए हाथ मिलाया है. उन्होंने कहा कि दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) लोगों के कल्याण के लिए काम करती है.

हरियाणा सरकार द्वारा यहां आयोजित ‘अंत्योदय सम्मेलन’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शाह ने राज्य के समग्र विकास के लिए मनोहरलाल के नेतृत्व वाली सरकार को बधाई दी. उन्होंने कहा कि हरियाणा में भाजपा सरकार ने पिछले नौ वर्षों में भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद को समाप्त किया है और कानून-व्यवस्था की स्थिति में सुधार किया है.

नरेन्द्र मोदी नीत केंद्र सरकार की विभिन्न पहलों और योजनाओं का उल्लेख करते हुए केंद्रीय मंत्री ने लोगों से अगले आम चुनाव में भाजपा को वोट देने के लिए कहा. कार्यक्रम में शाह ने मुख्यमंत्री मनोहरलाल और अन्य की मौजूदगी में ‘अंत्योदय’ परिवारों के लिए पांच योजनाएं शुरू कीं.
उन्होंने कांग्रेस नेता भूपेंद्र हुड्डा की आलोचना करते हुए कहा, “मैं (भूपेंद्र) हुड्डा जी से पूछना चाहता हूं कि क्या पिछले नौ वर्ष में (भाजपा के तहत) जो विकास हुआ वह दिखाई दे रहा है या (आपकी) आंखें अभी भी बंद हैं.” शाह ने कहा कि कांग्रेस न तो हरियाणा का विकास कर सकती है और न ही देश का.
केंद्रीय गृह मंत्री ने आरोप लगाया, “कांग्रेस कट, कमीशन और करप्शन की पार्टी है. पार्टी का हाथ (चुनाव चिह्न) हरियाणा के लोगों के साथ नहीं है.” विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन को “घमंडिया” गठबंधन करार देते हुए शाह ने आरोप लगाया कि इसमें शामिल सभी 27 दल ”परिवारवादी” हैं.
शाह ने कहा, “सभी 27 दल ‘परिवारवादी’ हैं. किसी को अपने बेटे को समायोजित करना है, किसी को अपने बेटे को प्रधानमंत्री बनाना है, किसी को अपने बेटे को एजेंसियों से बचाना है, जबकि किसी को अपने बेटे को मुख्यमंत्री बनाना है. कुछ को मैडम का वफादार बनना है. क्या ये लोग जनता का कुछ भला कर सकते हैं?” केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ही थे जिन्होंने (अध्योध्या में राम) मंदिर की नींव रखी. उन्होंने कहा कि 22 जनवरी को विशाल मंदिर में भगवान रामलला के विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu