कांग्रेस की वजह से राजनीति में विश्वास का संकट गहराया : राजनाथ

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 03 Nov 2023 07:00 PM
कांग्रेस की वजह से राजनीति में विश्वास का संकट गहराया : राजनाथ
ऑडियो सुनें

जयपुर. केंद्रीय रक्षा मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह ने देश के नेताओं एवं राजनीति के प्रति आम जनता के घटते विश्वास के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराते हुए शुक्रवार को कहा कि मुख्य विपक्षी दल की वजह से ही भारत की राजनीति में भरोसे का संकट गहराया है. सिंह ने महिला सुरक्षा सहित अनेक मुद्दों को लेकर प्रदेश की अशोक गहलोत सरकार पर निशाना साधा.

राजस्थान के राजसमंद में भाजपा प्रत्याशी और विधायक दीप्ति माहेश्वरी के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा, ”नेताओं की कथनी और करनी में अंतर होने के कारण ही भारत की राजनीति और नेताओं पर से जनता का विश्वास धीरे-धीरे समाप्त हो रहा है. कांग्रेस पार्टी ने भारत की राजनीति में विश्वास का संकट गहरा दिया है.” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा ने भारत की राजनीति में पैदा हुए विश्वास के संकट को चुनौती के रूप में स्वीकार किया है.

राम मंदिर निर्माण सहित विभिन्न घटनाक्रम का जिक्र करते हुए सिंह ने कहा कि भाजपा ने जो कहा है कि उसे करके दिखाया है. उन्होंने कहा, ”भाजपा देश की सबसे विश्वसनीय राजनीतिक पार्टी है क्योंकि उसने जो कहा, वह कर दिखाया.” सिंह ने कहा कि 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने जो वादे किए थे और उनमें से कितनों को पूरा किया, इससे जनता भलीभांति परिचित है. उन्होंने कहा कि राजस्थान की कांग्रेस सरकार महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर नहीं है.

सिंह ने कहा, ”राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, मैं आपसे और आपके नेताओं सोनिया गांधी और राहुल गांधी से कहना चाहता हूं कि राजनीति केवल सरकार बनाने के लिए नहीं बल्कि समाज बनाने के लिए की जानी चाहिए, देश बनाने के लिए की जानी चाहिए.” रक्षा मंत्री ने कांग्रेस की तुलना क्रिकेट विश्वकप में पाकिस्तानी टीम के प्रदर्शन से करते हुए कहा कि यह चुनाव भी विश्व कप से कम नहीं है.

सिंह ने कहा, ”ये चुनाव भी वर्ल्ड कप से कम नहीं है. कांग्रेस की हालत भी राजस्थान में पाकिस्तानी टीम जैसी हो गई है. चुनाव शुरू होते ही कांग्रेस टूर्नामेंट से बाहर होती दिख रही है. वहीं भाजपा, भारतीय टीम की तरह है, जो चैंपियन की तरह आगे बढ़ रही है.” राज्य सरकार की 500 रुपए में गैस सिलेंडर, महिलाओं को स्मार्टफोन देने संबंधी योजनाओं का जिक्र करते हुए सिंह ने कहा कि वे (कांग्रेस) ‘चंद चांदी के सिक्के और बख्शीश देकर, प्रदेश की जनता का ईमान खरीदने की कोशिश कर रहे हैं.

भाजपा प्रत्याशी कुंवर विश्वराज सिंह के समर्थन में एक अन्य जनसभा को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा कि राज्य में कांग्रेस सरकार के नेता पूरे कार्यकाल तक आपस में लड़ते रहे और लोगों को इसका खामियाजा उठाना पड़ा. राज्य में कानून-व्यवस्था को लेकर उन्होंने कहा, ” कांग्रेस की एक विधायक खुद कहती है कि वह सुरक्षित नहीं है.” सिंह, ओसियां से विधायक दिव्या मदेरणा के बयान का जिक्र कर रहे थे, जिसमें उन्होंने कहा था कि वह राज्य में असुरक्षित महसूस करती हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu