पाकिस्तान के खिलाड़ियों पर धीमी ओवर गति के लिए जुर्माना

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 05 Nov 2023 09:24 PM
पाकिस्तान के खिलाड़ियों पर धीमी ओवर गति के लिए जुर्माना
ऑडियो सुनें

बेंगलुरु. पाकिस्तान के खिलाड़ियों पर न्यूजीलैंड के खिलाफ शनिवार को यहां खेले गए विश्व कप के लीग मैच में धीमी ओवर गति के लिए मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है. पाकिस्तान ने बारिश से प्रभावित इस मैच में डकवर्थ लुईस पद्धति से 21 रन से जीत दर्ज करके विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को जीवंत रखा.

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने विज्ञप्ति में कहा,”एमिरेट्स आईसीसी एलीट पैनल के मैच रेफरी के रिची रिचर्डसन ने पाया कि बाबर आजम की अगुवाई वाली टीम ने निर्धारित समय में दो ओवर कम किए हैं इसके बाद उन्होंने टीम के खिलाड़ियों पर यह जुर्माना लगाया. ” खिलाड़ियों और उनके सहयोगी स्टाफ के लिए धीमी ओवर गति से जुड़े आईसीसी की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के अनुसार अगर कोई टीम निर्धारित समय में तय ओवर पूरा नहीं कर पाती है तो उसके खिलाड़ियों पर प्रत्येक ओवर के लिए मैच फीस का पांच प्रतिशत जुर्माना लगाया जाएगा.

बाबर ने अपनी टीम का अपराध और प्रस्तावित जुर्माना स्वीकार कर लिया है, इसलिए इस मामले में औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी. विज्ञप्ति में कहा गया है कि मैदानी अंपायर पॉल विल्सन और रिचर्ड केटलबोरो, तीसरे अंपायर रिचर्ड इलिंगवर्थ और चौथे अंपायर जोएल विल्सन ने पाकिस्तान पर धीमी ओवर गति का आरोप लगाया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu