जम्मू कश्मीर के राजौरी में मिनी बस खाई में गिरी, तीन यात्रियों की मौत, 15 अन्य घायल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 06 Nov 2023 06:57 PM
जम्मू कश्मीर के राजौरी में मिनी बस खाई में गिरी, तीन यात्रियों की मौत, 15 अन्य घायल
ऑडियो सुनें

राजौरी/जम्मू. जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में सोमवार को एक मिनी बस के सड़क से फिसलकर 300 फुट गहरी खाई में गिर जाने से तीन यात्रियों की मौत हो गयी और 15 अन्य घायल हो गए. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि यह दुर्घटना कैंची मोड़ पर पूर्वाह्न करीब 11 बजे तब हुई, जब कोटरंका से राजौरी जा रही इस मिनी बस का चालक एक तीक्ष्ण मोड़ के पास वाहन पर से अपना नियंत्रण खो बैठा.

उन्होंने बताया कि इस दुर्घटना के तत्काल बाद बचाव अभियान शुरू किया गया और 18 लोगों को बाहर निकालकर सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) से संबद्ध राजौरी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया. चिकित्सा अधीक्षक महमूद एच बाजर ने बताया कि 15 घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है तथा गंभीर रूप से घायल मरीजों की जान बचाने की कोशिश की जा रही है. अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की पहचान अब्दुल रशीद (34), मोहम्मद शब्बीर (40) और मोहम्मद आजम (32) के तौर पर की गई है. उन्होंने बताया कि चार वर्षीय एक बच्ची समेत पांच घायलों की हालत नाजुक बतायी जा रही है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu