भूविज्ञानी की हत्या का आरोपी पूर्व चालक गिरफ्तार, नौकरी से निकाले जाने से था परेशान

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 06 Nov 2023 08:14 PM
भूविज्ञानी की हत्या का आरोपी पूर्व चालक गिरफ्तार, नौकरी से निकाले जाने से था परेशान
ऑडियो सुनें

बेंगलुरु. बेंगलुरू में एक वरिष्ठ भूविज्ञानी की हत्या के सिलसिले में उनके पूर्व चालक को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया गया. आरोपी ने पूछताछ के दौरान पुलिस के समक्ष कबूल किया कि उसने उनकी हत्या की क्योंकि कुछ दिन पहले उन्होंने उसे नौकरी से निकाल दिया था, जिसके चलते वह बहुत परेशान था.

आरोपी किरण पिछले चार वर्षों से खान एवं भूगर्भ विज्ञान विभाग की भूविज्ञानी प्रतिमा के. एस. (45) का वाहन चालक था. हाल में, उसकी जगह किसी और को नौकरी पर रख लिया गया था. पूछताछ के दौरान 32 वर्षीय चालक ने बताया कि एक सप्ताह पहले उसे नौकरी से निकाल दिया गया था. उसने बताया कि ‘लापरवाही’ से गाड़ी चलाने को लेकर भूविज्ञानी उसे अक्सर डांटा करती थी.

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बताया कि उसने भूविज्ञानी से माफी मांगी और उनसे उसे नौकरी पर फिर से रखने का अनुरोध किया लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया, तब उसने (चालक ने) उनकी हत्या कर दी. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह वारदात करने के बाद आरोपी भागकर दक्षिण कर्नाटक में चामराजनगर जिले की महादेश्वर पहाड़ियों में छिप गया था.

पुलिस के अनुसार, शनिवार रात करीब आठ बजे जब भूविज्ञानी सुब्रमण्यपुरा थाना क्षेत्र के डोड्डाकल्लासांद्रा स्थित अपने घर लौटीं, तब उसने उनका गला दबा दिया गया और फिर गला रेत दिया. चूंकि प्रतिमा अपने घर में अकेली रहती थीं और उन्होंने शनिवार रात एवं रविवार सुबह फोन नहीं उठाया, तब उनके बड़े भाई उनके निवास पर पहुंचे, जहां उन्होंने उन्हें मृत पाया. उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी.

अधिकारी ने कहा, ”उनके घर के आगे का दरवाजा खुला हुआ था और फर्श पर उनका शव पड़ा हुआ था.” उन्होंने कहा, ”हमें कुछ सुराग मिले, जिन्होंने इस हत्या में पूर्व चालक किरण की संलिप्तता के संकेत दिये. जब हमने किरण से संपर्क करने का प्रयास किया तब उसका फोन बंद था. जांच के दौरान खुलासा हुआ कि उसे एक सप्ताह या उससे पहले नौकरी से निकाल दिया गया था.”

उन्होंने कहा, ”हमारी टीम चामराजनगर की माले महादेश्वर पहाड़ियों का उसका पता लगाने में सफल रही. उसे हिरासत में लेकर सोमवार सुबह बेंगलुरु लाया गया.” पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राहुल कुमार शाहपुरवाद ने कहा, ”पूछताछ के दौरान उसने महिला की हत्या करने की बात कबूल की. उसने कहा कि एक सप्ताह पहले से नौकरी से निकाल दिया गया था और वह बहुत परेशान था.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu