जिल बाइडन अचानक यूक्रेन पहुंचीं, यूरोपीय देश की प्रथम महिला से मिलीं

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 09 May 2022 06:34 PM
जिल बाइडन अचानक यूक्रेन पहुंचीं, यूरोपीय देश की प्रथम महिला से मिलीं

ऑडियो सुनें

उज्जोरोद. अमेरिका की प्रथम महिला जिल बाइडन बिना पूर्व घोषणा के अचानक पश्चिमी यूक्रेन पहुंचीं. उन्होंने मातृ दिवस के दिन यूक्रेन की प्रथम महिला ओलेना जेलेंस्का से मुलाकात की तथा रूस के हमले से प्रभावित पूर्वी यूरोपीय देश यूक्रेन के प्रति अमेरिका का समर्थन जताया. जिल बाइडन युद्ध के दौरान यूक्रेन आने वाली नवीनतम प्रमुख अमेरिकी हस्ती हैं. वहीं, रूस द्वारा 24 फरवरी को यूक्रेन के खिलाफ शुरू की गई सैन्य कार्रवाई के बाद जेलेंस्का पहली बार जनता के सामने आई हैं.

जिल बाइडन ने जेलेंस्का से कहा, ‘‘मैं मातृ दिवस के दिन आना चाहती थी.’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैंने सोचा कि यूक्रेन की जनता को यह दिखाना अहम है कि इस युद्ध को रोकना होगा, यह युद्ध निर्मम है एवं अमेरिका की जनता यूक्रेन के लोगों के साथ है.’’ जिल बाइडन यूक्रेन में करीब दो घंटे तक रहीं और उन्होंने वाहन से उज्जोरोद शहर की यात्रा की. यह शहर स्लोवाकिया की सीमा से वाहन के जरिये केवल 10 मिनट की दूरी पर है.

जेलेंस्का ने जिल बाइडन को उनके इस ‘‘साहसी कृत्य’’ के लिए धन्यवाद किया. उन्होंने कहा,‘‘ हम समझते हैं कि अमेरिकी प्रथम महिला के लिए युद्ध के दौरान यहां आने के क्या मायने है, वह भी तब जब हर दिन सैन्य कार्रवाई चल रही है, रोजाना हवाई हमले की चेतावनी देने वाले सायरन बज रहे हैं, यहां तक कि आज भी बजे हैं.’’ दोनों देशों की प्रथम महिलाओं ने एक स्कूल में मुलाकात की जिसका इस्तेमाल अस्थायी तौर पर यूक्रेनी शरणार्थियों द्वारा रहने के लिए किया जा रहा है.

By Yogesh Kumar Sahu