राहुल ने केदारनाथ में वरुण गांधी से मुलाकात की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 07 Nov 2023 07:44 PM
राहुल ने केदारनाथ में वरुण गांधी से मुलाकात की
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और उनके चचेरे भाई तथा भाजपा सांसद वरुण गांधी ने मंगलवार को केदारनाथ मंदिर के दर्शन के दौरान संक्षिप्त मुलाकात की. सूत्रों ने यह जानकारी दी है. दोनों भाइयों की सार्वजनिक रूप से मुलाकात बहुत कम देखी गई है. देश के प्रमुख राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखने वाले दोनों चचेरे भाइयों की मुलाकात ने वरुण गांधी के राजनीतिक भविष्य को लेकर कुछ हलकों में अटकलें शुरू कर दी हैं.

संजय गांधी और मेनका गांधी के पुत्र वरुण गांधी को हाल के महीनों में भाजपा की प्रमुख बैठकों में नहीं देखा गया है और कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर उनकी राय पार्टी से अलग रही है. वह उत्तर प्रदेश के पीलीभीत से लोकसभा सदस्य हैं. सूत्रों ने बताया कि गांधी परिवार के दोनों सदस्यों ने पवित्र मंदिर के बाहर संक्षिप्त मुलाकात की और एक-दूसरे का अभिवादन किया. उन्होंने कहा कि मुलाकात “बहुत छोटी” और “गर्मजोशी भरी” थी.

सूत्रों ने कहा कि राहुल गांधी इस दौरान वरुण की बेटी से मिलकर बहुत खुश हुए. सूत्रों ने कहा कि वैसे दोनों चचेरे भाइयों की मुलाकात नहीं होती, लेकिन उनके अच्छे संबंध हैं. सूत्रों ने यह भी बताया कि इस मुलाकात में कोई भी राजनीतिक चर्चा नहीं हुई. राहुल गांधी पिछले तीन दिन से उत्तराखंड के केदारनाथ में हैं, जबकि वरुण गांधी ने मंगलवार को अपने परिवार के साथ केदारनाथ का दौरा किया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu