प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का अपमान किया: कांग्रेस

नयी दिल्ली/दमोह. कांग्रेस ने बुधवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मध्य प्रदेश की एक चुनावी सभा में यह कहकर उसके अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का अपमान किया है कि ‘कांग्रेस अध्यक्ष को रिमोट से नियंत्रित किया जा रहा है.’ प्रधानमंत्री मोदी ने एक चुनावी सभा में कहा कि कांग्रेस “रिमोट” का उपयोग करने की अपनी आदत से छुटकारा पाने में असमर्थ है और पहले ‘प्रधानमंत्री रिमोट से नियंत्रित होते थे, इन दिनों कांग्रेस अध्यक्ष रिमोट से नियंत्रित किया जा रहा है.’

कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”प्रधानमंत्री मोदी ने धरती पुत्र, हमारी पार्टी के नेता मल्लिकार्जुन खरगे जी का अपमान किया है. यह कोई मामूली राजनीतिक बयान नहीं है, यह उन सभी लोगों पर एक बड़ा हमला है जो शोषित-वंचित पृष्ठभूमि से आते हैं, लेकिन सार्वजनिक जीवन में सफल होने का लक्ष्य रखते हैं.” उन्होंने दावा किया, ”हकीकत में प्रधानमंत्री मोदी यह पचा नहीं पा रहे हैं कि उनकी पार्टी के सामाजिक न्याय के फर्जी दावों के विपरीत यह केवल कांग्रेस ही है जो लोकतांत्रिक तरीके से ऐसे कद्दावर नेताओं को आगे बढ़ाने में सक्षम है.” वेणुगोपाल ने कहा, ”खरगे जी की छह दशकों की राजनीतिक यात्रा भारतीय इतिहास में अभूतपूर्व है और लाखों लोगों के लिए प्रेरणा का काम करती है.”

कांग्रेस अध्यक्ष रिमोट से नियंत्रित होते हैं: प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ‘रिमोट से नियंत्रित’ होते हैं. मोदी ने यहां एक रैली में कहा, “वह (खरगे) ज्यादा कुछ नहीं कर सकते. जब रिमोट काम करता है, तो वह सनातन (धर्म) को गाली देते हैं. कल, जब रिमोट काम नहीं कर रहा था, तो उन्होंने पांडवों के बारे में बात की और कहा कि भाजपा में पांच पांडव हैं. ” मोदी ने कहा कि हमें गर्व है कि हम पांडवों के बताए रास्ते पर चल रहे हैं. खरगे ने मंगलवार को मध्य प्रदेश में एक रैली में प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ-साथ प्रवर्तन निदेशालय, केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो और आयकर समेत विभिन्न सरकारी एजेंसियों को भाजपा के “पंच पांडव” के रूप में जिक्र किया था.

मोदी ने खरगे की टिप्पणी का जवाब देते हुए रैली में यह बात कही. उन्होंने कहा कि कांग्रेस की रिमोट (कंट्रोल) की आदत छूट नहीं रही है. पहले प्रधानमंत्री रिमोट से नियंत्रित होते थे अब कांग्रेस अध्यक्ष रिमोट से संचालित हो रहे हैं. मोदी ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष सबसे वरिष्ठ लोगों में से हैं. वे मेरे अच्छे दोस्त भी हैं, लेकिन आज उनकी ऐसी हालत हो गई है कि वह कुछ नहीं कर सकते.

उन्होंने कहा, ”रिमोट (कंट्रोल) की चार्जिंग बंद है या कनेक्टिविटी नहीं है, कांग्रेस अध्यक्ष (खरगे) अपने मूड में हैं और उनके मुंह से कुछ अच्छी बातें निकल जाती हैं.” मोदी ने कहा कि कांग्रेस को जब लोगों ने शासन करने के लिए 10 साल दिए, तो आपको पता नहीं था कि (तत्कालीन) प्रधानमंत्री क्या बोल रहे थे या क्या कर रहे थे क्योंकि उन्हें कोई काम नहीं करना था, वे रिमोट से संचालित हो रहे थे.
मोदी ने कांग्रेस को गरीबों का पैसा छीनने, घोटाले करने और सत्ता के लिए समाज को बांटने वाली पार्टी बताया.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button