दूसरे लोग छोटी-मोटी चोरी करते हैं, सरकार गिराने के लिये ”बड़े डाके” डालती है भाजपा : मल्लिकार्जुन खरगे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 14 Nov 2023 07:15 PM
दूसरे लोग छोटी-मोटी चोरी करते हैं, सरकार गिराने के लिये ”बड़े डाके” डालती है भाजपा : मल्लिकार्जुन खरगे
ऑडियो सुनें

दतिया. मध्यप्रदेश में कमलनाथ की अगुवाई वाली कांग्रेस सरकार समेत अलग-अलग राज्यों की सरकारों को नाजायज तरीके से गिराने का आरोप भारतीय जनता पार्टी पर लगाते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मंगलवार को कहा कि दूसरे लोग छोटी-मोटी चोरी करते हैं, लेकिन भाजपा राज्यों की चुनी हुई सरकारें गिराने के लिए बड़े डाके डालती है.

खरगे ने सेवढ़ा विधानसभा क्षेत्र के इंदरगढ़ कस्बे में कांग्रेस की चुनावी सभा में कहा,”वर्ष 2018 में आपने (मतदाताओं ने) मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाई. इन्होंने (भाजपा) कांग्रेस के विधायकों को लालच देकर एक स्थान पर ले जाने के बाद उन्हें रिश्वत दी और यह सरकार गिरा दी.” उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने इस तरह केवल मध्यप्रदेश ही नहीं, बल्कि कर्नाटक, महाराष्ट्र, मणिपुर, गोवा और उत्तराखंड में भी ”चोरी की सरकार” बनाई.

खरगे ने कहा, ”बाकी लोग छोटी-मोटी चोरी करते हैं, पर भाजपा के लोग सरकारें बदलने के लिए बड़े-बड़े डाके डालते हैं.” कांग्रेस नेता ने मध्यप्रदेश के सीधी जिले में एक शख्स द्वारा एक आदिवासी व्यक्ति पर पेशाब करने की घटना को लेकर भी भाजपा पर हमला बोला.
उन्होंने कहा,”बाद में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दिखावे के लिए इस व्यक्ति के पैर धोए, लेकिन पैर धोने से कुछ नहीं होगा. इस व्यक्ति की गरीबी हटाइए, उसके पेट को खाना, तन को कपड़ा और उसे रहने को मकान दीजिए.” खरगे ने दावा किया कि केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार जातिगत जनगणना की मांग का विरोध कर रही है.

उन्होंने कहा,”हमारी सरकार आने पर हम जातिगत जनगणना जरूर कराएंगे जिसका समाज के सभी तबकों को लाभ होगा. चंद लोग जनता को भड़का रहे हैं कि इस तरह की गिनती का फायदा केवल कुछ ही वर्गों को होगा.” कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री मोदी पर जनता से झूठे चुनावी वादे करने का आरोप लगाया और कहा, ”चुनावों के वक्त मोदी खुद को गरीब का बेटा बताते हैं और कहते हैं कि उनकी मां दूसरों के घरों में बर्तन मांजती थी. देश में कई महिलाएं आज भी दूसरों के घरों में बर्तन मांजकर परिवार का पाल रही हैं और उनके बच्चों को पौष्टिक आहार नहीं मिल पाता.” उन्होंने देश में कथित रूप से 30 लाख सरकारी पद खाली रहने पर मोदी सरकार को घेरते हुए कहा कि इन ओहदों पर केवल 10,000 से 20,000 लोगों की र्भितयां की जा रही हैं और दिखावे के लिए बड़े-बड़े कार्यक्रम आयोजित करके चुनिंदा युवाओं को नियुक्ति पत्र बांटे जा रहे हैं.

खरगे ने श्योपुर की चुनावी सभा को संबोधित करते हुये आरोप लगाया कि केंद्र में सत्तारूढ़ भाजपा के इशारे पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), आयकर विभाग, सीबीआई (केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो) और आईबी (खुफिया ब्यूरो) जैसी सरकारी एजेंसियां कांग्रेस नेताओं को बेवजह परेशान कर रही हैं ताकि चुनावों में पार्टी को हराया जा सके. उन्होंने कहा कि कांग्रेस बिना डरे अपना काम करती रहेगी.

कांग्रेस अध्यक्ष ने कई दागी नेताओं को भाजपा में शामिल किए जाने का दावा करते हुए कहा, ”गलत काम करने वाले लोगों को जेल में डालिए, पर गलत काम करने वाले लोगों को भाजपा की ड्राई क्लीनिंग मशीन में डालकर पाक-साफ किया जा रहा है.” खरगे ने घोषणा की कि कांग्रेस मध्यप्रदेश की सत्ता में लौटने पर भाजपा शासनकाल में हुए व्यापमं घोटाले, पेपर लीक घोटाले और अन्य कथित गड़बड़ियों की जांच कराएगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu