इजराइली प्रधानमंत्री पर कांग्रेस नेता की टिप्पणी से छिड़ा विवाद, भाजपा ने इसे ‘निंदनीय’ करार दिया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 19 Nov 2023 07:05 PM
इजराइली प्रधानमंत्री पर कांग्रेस नेता की टिप्पणी से छिड़ा विवाद, भाजपा ने इसे ‘निंदनीय’ करार दिया
ऑडियो सुनें

कासरगोड (केरल). कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजमोहन उन्नीथन अपनी उस टिप्पणी को लेकर आलोचना के घेरे में आ गए हैं, जिसमें उन्होंने कहा था कि इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू एक ”युद्ध अपराधी” हैं और गाजा पट्टी में फलस्तीनियों की कथित हत्या के लिए उन्हें बिना मुकदमा चलाए ”गोली मार दी जानी” चाहिए.

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कासरगोड से सांसद उन्नीथन की इस टिप्पणी को ”निंदनीय” करार दिया है. उन्नीथन ने कासरगोड शहर और उसके आसपास की मस्जिदों के एक समूह ‘यूनाइटेड मुस्लिम जमात’ द्वारा आयोजित फलस्तीन एकजुटता कार्यक्रम में कहा कि एक और नूर्नबर्ग मुकदमा समय की जरूरत थी. इस टिप्पणी संबंधी उन्नीथन का वीडियो वायरल हो गया है.

उन्होंने कहा कि द्वितीय विश्व युद्ध के बाद ‘नूर्नबर्ग मॉडल’ के तहत युद्ध अपराधियों को बिना मुकदमा चलाए गोली मार दी गई थी.
उन्नीथन ने कहा, ”एक और नूर्नबर्ग मुकदमा समय की मांग है. बेंजामिन नेतन्याहू एक युद्ध अपराधी बनकर दुनिया के सामने खड़े हैं. अब समय आ गया है कि जिनेवा संधि का उल्लंघन करने वाले बेंजामिन नेतन्याहू को बिना कोई मुकदमा चलाए गोली मार दी जाए. उन्होंने बड़ी संख्या में लोगों की हत्याएं की हैं.’ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राज्य इकाई के अध्यक्ष के. सुरेंद्रन ने शनिवार को कहा कि उन्नीथन का भाषण ”आतंकवादियों के प्रचार” की तरह लगता है और उन्होंने इसे लेकर तत्काल कानूनी कार्रवाई करने किए जाने की मांग की.

सुरेंद्र ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ”रैली में कांग्रेस सांसद राजमोहन उन्नीथन के गैरजिम्मेदाराना और भड़काऊ भाषण से आक्रोशित हूं. इजराइली प्रधानमंत्री नेतन्याहू की हत्या का उनका आह्वान निंदनीय है, जो आतंकवादी प्रचार की तरह लगता है. यह राजनीतिक भाषण नहीं है, यह जिहादी आतंकवाद के समान एक खतरनाक उकसावा है. हम ऐसी कट्टरपंथी बयानबाजी के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की मांग करते हैं.” हमास ने इजराइल पर सात अक्टूबर को अप्रत्याशित हमला किया था, जिसमें इजराइली पक्ष के लगभग 1,200 लोगों की मौत हो गई थी. इसके बाद इजराइली कार्रवाई में 11,500 फलस्तीनी मारे गए और अन्य 2,700 लोग लापता है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu