आइजोल. मिलिशिया समूह ‘पीपुल्स डिफेंस फोर्स’ (पीडीएफ) के साथ भीषण मुठभेड़ के बाद भागकर मिजोरम आए म्यांमा के 29 सैनिकों को रविवार को उनके देश वापस भेज दिया गया. एक अधिकारी ने यह जानकारी दी. इसी के साथ मिलिशिया समूह द्वारा हालिया मुठभेड़ में सैन्य बलों के शिविरों पर कब्जे के बाद भारत आए म्यांमा के अब तक कुल 74 सैन्यर्किमयों को उनके देश वापस भेजा जा चुका है.
ये 29 सैनिक 16 नवंबर को भागकर उस समय मिजोरम आए थे, जब अंतरराष्ट्रीय सीमा से कुछ किलोमीटर दूर म्यांमा के चिन राज्य के तुइबुअल में उनके शिविर पर पीडीएफ से संबद्ध एक स्थानीय मिलिशिया समूह ‘चिन नेशनल डिफेंस फोर्स’ (सीएनडीएफ) ने कब्जा कर लिया था. अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ”रक्षा प्राधिकारी इन सैनिकों को हवाई मार्ग से मणिपुर के मोरेह ले गए. मोरेह से वे निकटतम म्यांमा शहर तामू ले जाये गए.” उन्होंने कहा कि लगातार बारिश के कारण यह प्रक्रिया बाधित हुई थी.
अधिकारी ने कहा कि ये सैनिक भारत और म्यांमा के बीच प्राकृतिक सीमा त्याओ नदी के पास मिजोरम के चम्फाई जिले के सैखुम्फाई में पैदल आए और अपने देश वापस भेजे जाने से पहले वे असम राइफल्स की अभिरक्षा में थे. इससे पहले पीडीएफ द्वारा शिविरों पर कब्जा किए जाने के बाद भारत आए म्यांमा के 45 सैनिकों को उनके देश भेजा गया था. अधिकारियों ने बताया कि भारत-म्यांमा सीमा पर फिलहाल स्थिति शांतिपूर्ण है और 15 नवंबर के बाद से किसी झड़प की कोई खबर नहीं है.