दिल्ली में फ्लाईओवर पर खालिस्तान समर्थक भित्तिचित्र : पुलिस ने हरियाणा के व्यक्ति को किया गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 21 Nov 2023 09:50 PM
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. राष्ट्रीय राजधानी में करीब दो महीने पहले एक फ्लाईओवर पर खालिस्तान समर्थक भित्तिचित्र पाए जाने के मामले में दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ ने हरियाणा के 38 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी.

उन्होंने बताया कि आरोपी की पहचान मलक सिंह उर्फ मलिक के रूप में की गई है, जो हरियाणा के कुरूक्षेत्र का रहने वाला है. पुलिस ने बताया कि उसने प्रतिबंधित संगठन ‘सिख फॉर जस्टिस’ (एसएफजे) के प्रमुख गुरपतवंत सिंह पन्नू के इशारे पर दिल्ली और देश के अन्य हिस्सों में भित्तिचित्र बनाए.

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि कश्मीरी गेट फ्लाईओवर पर खालिस्तान के समर्थन में और भारत विरोधी नारे लिखे पाए जाने के बाद पुलिस ने 27 सितंबर को एक प्राथमिकी दर्ज की थी. इन नारों में ‘दिल्ली बनेगा खालिस्तान एसएफजे’ और ‘खालिस्तान जिंदाबाद एसएफजे’ लिखा था.

बाद में, इंटरनेट पर एक वीडियो में पन्नू ने दावा किया था कि कनाडा से खालिस्तान समर्थक सिख निज्जर की हत्या का बदला लेने के लिए संसद भवन को निशना बनाने के मकसद से दिल्ली पहुंचे, और दिल्ली में कई भित्तिचित्र बनाये गए. विशेष पुलिस आयुक्त (विशेष प्रकोष्ठ) एचजीएस धालीवाल ने बताया, ”जांच के दौरान, पगड़ी पहने एक व्यक्ति की पहचान की गई. संदिग्ध व्यक्ति पंजाब जाने वाली एक बस में सवार हुआ और कुरूक्षेत्र के पिपली में उतरा. बाद में, संदिग्ध व्यक्ति की पहचान मलक सिंह के रूप में की गई.”

उन्होंने कहा, ”रविवार को, पुलिस ने सिंह को गिरफ्तार कर लिया, जो पन्नू के निर्देश पर कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन के पास युधिष्ठिर सेतु की दीवार पर भित्तिचित्र बनाने में शामिल था.” धालीवाल ने कहा कि वह जी20 शिखर सम्मेलन से पहले हरियाणा में खालिस्तान के समर्थक में भितिचित्र बनाने की तीन अन्य घटनाओं में भी शामिल था.

पुलिस ने बताया कि सिंह का झुकाव बचपन से ही खालिस्तानी विचारधारा के प्रति है. पन्नू द्वारा 2020 के जनमत संग्रह की घोषणा किये जाने के बाद उसने 2018 में एसएफजे के वीडियो देखना और संदेशों को पढ़ना करना शुरू किया. धालीवाल ने बताया कि इसके बाद, 2020 में केंद्र के तीन कृषि कानूनों (निरस्त किये जा चुके) किसान आंदोलन के दौरान सिंघु बॉर्डर पर आया था जहां वह एसएफजे और खालिस्तान से सहानुभूति रखने वालों के संपर्क में आया था.

उन्होंने बताया कि बाद में वह पन्नू के संपर्क में आया और खालिस्तान आंदोलन पर चर्चा करना शुरू किया. धीरे-धीरे उसने पन्नू का विश्वास जीता और फिर उसके निर्देश पर कुरूक्षेत्र में पांच अप्रैल को ‘दिल्ली में जी20 में खालिस्तान का स्वागत’ नारा लिखा भित्तिचित्र बनाया. पुलिस ने बताया कि पन्नू ने अपने नये वीडियो में धमकी दी थी और सिखों से 19 नवंबर को एअर इंडिया की उड़ान से यात्रा नहीं करने का आग्रह किया था. पन्नू ने उन वीडियो में क्रिकेट विश्व कप के फाइनल मैच का भी उल्लेख किया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu