ईडी की कार्रवाई से कांग्रेस डरने वाली नहीं है: खरगे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 22 Nov 2023 07:48 PM
ईडी की कार्रवाई से कांग्रेस डरने वाली नहीं है: खरगे
ऑडियो सुनें

हैदराबाद/नयी दिल्ली.कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के ‘नेशनल हेराल्ड’ अखबार से संबंधित संपत्तियां कुर्क किए जाने की कार्रवाई को लेकर बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से नहीं डरने वाली और उसे सत्ता से बाहर करने के लिए लड़ाई जारी रखेगी.

तेलंगाना के आलमपुर में एक चुनावी सभा में खरगे ने यह दावा भी किया कि प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उस अखबार को बंद करने के बारे में सोचा जिसे देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने शुरू किया था. उन्होंने कहा, ”मुझे आज दुख हो रहा है. मेरी पार्टी का अखबार ‘नेशनल हेराल्ड’, जिसे पं. नेहरू ने शुरू किया था… मोदी ने कल कांग्रेस से संबंधित संपत्ति जब्त कर ली. वह संपत्ति किसी व्यक्ति की नहीं थी. पं.नेहरू ने वह अखबार स्वतंत्रता संग्राम और लोगों में जागरूकता पैदा करने के लिए शुरू किया था. यह स्वतंत्रता सेनानियों की आवाज बन गया था.”

खरगे ने कहा, ”मोदी और शाह ने एक ऐसे अखबार को बंद करने के बारे में सोचा जो लोगों की आवाज था. उनकी सोच यह थी कि अगर नेहरू जी का अखबार ‘नेशनल हेराल्ड’ बंद हो जाएगा, तो तेलंगाना में लोग डर जाएंगे और भाजपा और केसीआर (तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव) को वोट देंगे.” उन्होंने कहा, ”अगर वे सोचते हैं कि कांग्रेस डर जाएगी तो यह गलत है. कांग्रेस कभी नहीं डरेगी और वह अंत तक लड़ेगी.” कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि जब कांग्रेस अंग्रेजों से नहीं डरी और देश को आजादी दिलाई तो भला भाजपा से क्या डरेगी.

ईडी ने मंगलवार को कहा था कि उसने कांग्रेस पार्टी द्वारा प्रर्वितत नेशनल हेराल्ड समाचारपत्र और इससे जुड़ी कंपनियों के खिलाफ धनशोधन की अपनी जांच के तहत लगभग 752 करोड़ रुपये मूल्य की अचल संपत्ति और ‘इक्विटी’ हिस्सेदारी (शेयर) जब्त की है.
ईडी ने एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड (एजेएल) और यंग इंडियन कंपनी के खिलाफ संपत्ति कुर्क करने का आदेश धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत जारी किया था. नेशनल हेराल्ड की प्रकाशक एसोसिएटेड जर्नल लिमिटेड है और इसका स्वामित्व ‘यंग इंडियन प्राइवेट लिमिटेड’ के पास है.

‘नेशनल हेराल्ड’ मामले में ईडी की कार्रवाई राजनीति में नया निचला स्तर : सिब्बल

राज्यसभा सदस्य कपिल सिब्बल ने ‘नेशनल हेराल्ड’ के स्वामित्व वाली कंपनी की संपत्तियां कुर्क करने की प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई की आलोचना करते हुए बुधवार को कहा कि यह राजनीति में नया निचला स्तर है. कांग्रेस के पूर्व नेता सिब्बल ने यह आरोप भी लगाया कि जांच एजेंसी कुछ ‘शक्तियों’ के इशारे पर काम कर रही है.

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार को कहा कि उसने ‘नेशनल हेराल्ड’ अखबार और उससे जुड़ी कंपनियों के खिलाफ धनशोधन की जांच के तहत लगभग 752 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति और इक्विटी शेयर जब्त किए हैं. अस्थायी कुर्की आदेश तब आया जब पांच राज्यों छत्तीसगढ., मध्य प्रदेश, राजस्थान, तेलंगाना और मिजोरम में विधानसभा चुनाव हो रहे हैं और वोटों की गिनती 3 दिसंबर को होने वाली है.

सिब्बल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”यंग इंडियन (वाईआई), एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड (एजेएल)… ईडी ने एजेएल की 752 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की है. आरोप: एजेएल की संपत्ति के मालिकाना हक रखने वाली वाईआई के शेयरधारकों ने धोखाधड़ी और विश्वास हनन किया है. कानून: शेयरधारक कभी कंपनी की संपत्ति के मालिक नहीं होते हैं. यंग इंडियन एक गैर-लाभकारी कंपनी है. राजनीति में एक नया निचला स्तर.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu