नतीजे साबित करते हैं कि तुष्टीकरण और जाति की राजनीति के दिन लद गए: अमित शाह

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 03 Dec 2023 06:58 PM
नतीजे साबित करते हैं कि तुष्टीकरण और जाति की राजनीति के दिन लद गए: अमित शाह
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शानदार प्रदर्शन के बाद रविवार को कहा कि चुनावी नतीजों ने साबित कर दिया है कि तुष्टीकरण और जाति की राजनीति के दिन लद गए हैं और ‘नया भारत’ प्रदर्शन की राजनीति पर वोट करता है. उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर सिलसिलेवार पोस्ट में कहा कि भाजपा की प्रचंड जीत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की कल्याणकारी नीतियों और सुशासन पर जनता की मुहर है.

मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ के अब तक के नतीजों से स्पष्ट है कि भाजपा तीनों राज्यों में सरकार बनाने जा रही है. मध्य प्रदेश में पार्टी ने सत्ता बरकरार रखी, जबकि राजस्थान और छत्तीसगढ़ में उसने कांग्रेस को उखाड़ फेंका. तेलंगाना में कांग्रेस, भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) को हराकर सरकार बनाने जा रही है.

शाह ने वीरभूमि राजस्थान की जनता का आभार जताते हुए कहा, ” यह जीत प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व पर जनता के अटूट विश्वास की जीत है. इस शानदार जीत के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा, प्रदेश अध्यक्ष सी पी जोशी और राजस्थान भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं को बहुत-बहुत बधाई.”

मध्य प्रदेश की भाजपा की ‘प्रचंड जीत’ को प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली ‘डबल इंजन’ सरकार की कल्याणकारी नीतियों और सुशासन पर जनता की मुहर करार देते हुए केंद्रीय गृह मंत्री ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित प्रदेश भाजपा के नेताओं को बधाई दी. उन्होंने कहा, ”छत्तीसगढ़ के जनजातीय, गरीब और किसान बहनों-भाइयों ने प्रधानमंत्री मोदी में अपना विश्वास जताकर भाजपा को प्रचंड बहुमत का आशीर्वाद दिया है. इस विशाल जीत के लिए छत्तीसगढ़ की जनता का आभार व्यक्त करता हूं.”

चुनाव परिणाम प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व पर जनता की मुहर : नड्डा

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में पार्टी के शानदार प्रदर्शन को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन और विकास पर जनता की मुहर और कांग्रेस के तुष्टिकरण, अराजकता तथा भ्रष्टाचार के विरुद्ध जनादेश करार दिया.

नड्डा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”खम्मा घणी राजस्थान! राजस्थान में भाजपा की भव्य विजय के लिए प्रदेश की जनता को हार्दिक धन्यवाद. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राजस्थान की जनता ने सेवा, सुशासन और विकास पर मुहर लगाई है. कांग्रेस के तुष्टिकरण, अराजकता और भ्रष्टाचार के विरुद्ध यह जनादेश प्रदेश में भाजपा के नेतृत्व में विकास और जनकल्याण का नया सवेरा है.”

एक अन्य पोस्ट में उन्होंने कहा, ”छत्तीसगढ़ महतारी की जय! भाजपा को मिला यह जनादेश प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व पर जनता के विश्वास की मुहर है. यह परिणाम दर्शाता है कि कांग्रेस के भ्रष्टाचार, अराजकता, वादाखिलाफी और तुष्टिकरण के खिलाफ प्रदेश की जनता ने भाजपा के ‘सबका-साथ, सबका-विकास, सबका-विश्वास, सबका-प्रयास’ के मंत्र को समर्थन दिया है.” नड्डा ने कहा कि भाजपा के 15 वर्ष के विकास रथ को प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने रोक रखा था, लेकिन अब प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ को और गति के साथ विकास के पथ पर अग्रसर किया जाएगा.

मध्य प्रदेश की जनता को नमन करते हुए नड्डा ने कहा, ”मध्य प्रदेश में भाजपा की ऐतिहासिक जीत के लिए प्रधानमंत्री की नीतियों, भाजपा की विचारधारा को जनता का समर्थन का प्रमाण है. इस प्रचंड जीत के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा और अपना सबकुछ पार्टी के लिए सर्मिपत करने वाले कार्यकर्ताओं को हृदय से बधाई.” उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार मध्य प्रदेश को प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विकास की यात्रा पर अनवरत आगे ले जाती रहेगी.

तेलंगाना के जनादेश को स्वीकार करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि दक्षिण के इस राज्य में भाजपा ने अपनी स्थिति मजबूत की है.
भाजपा के प्रति विश्वास जताने के लिए तेलंगाना की जनता का आभार प्रकट करते हुए नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा इस राज्य की बेहतरी के काम करती रहेगी और जनता की सेवा के लिए अपना परिश्रम जारी रखेगी.

चार राज्यों के विधानसभा चुनावों के लिए रविवार को जारी मतगणना के अब तक आए रुझानों के मुताबिक, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मध्य प्रदेश में सत्ता में वापसी करती दिख रही है, वहीं राजस्थान और छत्तीसगढ़ जैसे कांग्रेस शासित राज्यों को वह उससे छीनती नजर आ रही है. इन चुनावों में कांग्रेस के लिए राहत सिर्फ तेलंगाना से मिलती दिख रही है, जहां वह बड़ी जीत की ओर अग्रसर है. छत्तीसगढ़, राजस्थान और मध्य प्रदेश में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर थी, वहीं दक्षिण के राज्य तेलंगाना में मुख्य मुकाबला भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) और कांग्रेस के बीच हुआ.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu