तेलंगाना: कांग्रेस विधायक दल की बैठक आज, नए नेता के चयन की संभावना

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Mon, 04 Dec 2023 12:58 PM
तेलंगाना: कांग्रेस विधायक दल की बैठक आज, नए नेता के चयन की संभावना
ऑडियो सुनें

हैदराबाद: कांग्रेस की तेलंगाना इकाई के नवनिर्वाचित विधायक सोमवार को हैदराबाद में बैठक करेंगे, जिसमें विधायक दल के नेता को चुने जाने की संभावना है। यह बैठक वरिष्ठ नेताओं और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में होगी।

राज्य विधानसभा की 119 सीट में से 67 सीट पर जीत हासिल करने के बाद कांग्रेस नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को तेलंगाना की राज्यपाल तमिलिसाई सौंदर्यराजन से मुलाकात की और राज्य में सरकार बनाने का दावा पेश किया।

राज्यपाल से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बात करते हुए कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने कहा था कि नवनिर्वाचित कांग्रेस विधायकों की बैठक मंगलवार सुबह होगी। प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के अध्यक्ष अनुमुला रेवंत रेड्डी मुख्यमंत्री पद के प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं।

रेड्डी ने कोडंगल निर्वाचन क्षेत्र से भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के पी नरेंद्र रेड्डी को 32,000 से अधिक मतों के अंतर से हराया, लेकिन कांग्रेस नेता कामारेड्डी से हार गए। तेलंगाना में लगभग 10 वर्षों तक सत्ता में रहने के बाद भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) का शासन रविवार को समाप्त हो गया, जिसके बाद मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया, जिसे राज्यपाल ने स्वीकार कर लिया। राव को नयी सरकार के गठन तक पद पर बने रहने के लिए कहा गया था।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav