पश्चिम बंगाल के वित्तीय बकाये की मांग को लेकर 20 दिसंबर को प्रधानमंत्री से मिलेंगी ममता बनर्जी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 12 Dec 2023 08:10 PM
पश्चिम बंगाल के वित्तीय बकाये की मांग को लेकर 20 दिसंबर को प्रधानमंत्री से मिलेंगी ममता बनर्जी
ऑडियो सुनें

कोलकाता. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी राज्य का बकाया जारी करने की मांग पर बातचीत के लिए 20 दिसंबर को नयी दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात करेंगी. एक शीर्ष अधिकारी ने यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने मोदी से मुलाकात के लिए बनर्जी के अनुरोध को स्वीकार कर लिया है.

अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ”यह बैठक 20 दिसंबर को पूर्वाह्न करीब 11 बजे होगी.” बनर्जी ने इस सप्ताह के शुरू में दावा किया था कि केंद्र को महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी कानून (मनरेगा) एवं अन्य मदों में पश्चिम बंगाल को 1.15 लाख करोड़ रुपये की बकाया राशि देनी है.

मंगलवार को बंगाल में सिलीगुड़ी के कंचनजंगा स्टेडिम में एक सार्वजनिक वितरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने आरोप लगाया , ”केंद्र ने अल्पसंख्यकों एवं विधवाओं से संबंधित योजनाओं समेत राज्य की परियोजनाओं के वास्ते धन देना बंद कर दिया है.” मुख्यमंत्री ने भाजपा नीत केंद्र सरकार पर जीएसटी संग्रहण में राज्य का हिस्सा रोक लेने का भी आरोप लगाया.

तृणमूल कांग्रेस प्रमुख बनर्जी ने कहा, ”पहले राज्य की कमाई बिक्री कर के तरीके से होती थी. लेकिन अब पूरी कर राशि जीएसटी के नाम पर केंद्र के पास चली जाती है. पश्चिम बंगाल को अब तक उसका हिस्सा नहीं मिला है.” रविवार को अलीपुरद्वार में एक जनसभा में बनर्जी ने कहा था कि भाजपा नीत राजग सरकार को पश्चिम बंगाल का बकाया जारी करना चाहिए या सत्ता छोड़ देनी चाहिए.

मुख्यमंत्री ने कहा, ”बंगाल के लिए बकाया 1.15 लाख करोड़ रुपये का कोष मांगा जाएगा.. हम नारा लगाएंगे कि गरीबों का पैसा दो या गद्दी छोड़ो.” राज्य के भाजपा नेतृत्व का कहना है कि मनरेगा के तहत पश्चिम बंगाल को धनराशि जारी करने पर अस्थायी रोक लगा दी गई है क्योंकि पहले दी गई मौद्रिक सहायता का लेखा-जोखा पेश करने में राज्य सरकार विफल रही है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu