समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता – उप मुख्यमंत्री अरूण साव

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 10 Jan 2024 10:07 PM
समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता – उप मुख्यमंत्री अरूण साव
ऑडियो सुनें

रायपुर.  उप मुख्यमंत्री अरूण साव ने कहा है कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक शासकीय योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है. पहली बार ऐसी योजना बनी है जिसमें गांव और गरीब के द्वार तक सरकार पहुंच रही है. वंचित हितग्राहियों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ लाभान्वित किया जा रहा है. हमारी सरकार लोगों की समस्याओं का हल करने के लिए तत्पर है. हम सब मिलकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के सपनों को साकार करेंगे. खुशहाल और विकसित भारत का निर्माण करेंगे. उप मुख्यमंत्री साव ने आज मुंगेली जिले के खुड़िया में पीएम जनमन योजना के तहत आयोजित विशेष मेगा शिविर में ये विचार व्यक्त किए.

विशेष रूप से कमजोर जनजाति समूह की सामाजिक-आर्थिक उन्नति एवं बैगा आदिवासी परिवारों को विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ एक मंच पर दिलाने पीएम जनमन योजना के अंतर्गत लोरमी विकासखंड के खुड़िया में आज विशेष मेगा शिविर का आयोजन किया गया था. उप मुख्यमंत्री अरूण साव ने इसका शुभारंभ किया. साव का स्थानीय लोगों ने खुमरी पहनाकर और प्रतीकात्मक हल प्रदान कर भव्य स्वागत किया. उप मुख्यमंत्री ने शिविर में लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया तथा विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं लाभान्वित हितग्राहियों की जानकारी ली. उन्होंने विकसित भारत संकल्प यात्रा में प्रचार-वैन में चल रहे प्रधानमंत्री के संदेश और चलचित्र का भी अवलोकन किया. उप मुख्यमंत्री साव ने शिविर में 20 बैगा आदिवासी युवाओं को अतिथि शिक्षक के लिए नियुक्ति पत्र प्रदान किया. उन्होंने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को चेक एवं सामग्री का वितरण भी किया.

उप मुख्यमंत्री साव ने मेगा शिविर को संबोधित करते हुए कहा कि विशेष रूप से कमजोर जनजाति समूह की सामाजिक-आर्थिक उन्नति के लिए आज खुड़िया में पीएम जनमन मेगा शिविर लगाया गया है. एक ही जगह विभिन्न विभागों की जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान करने यह शिविर लगाया गया है. शिविर के माध्यम से सरकार को आपके गांव में लाकर खड़ा किया गया है. उन्होंने लोगों से अपील की कि शिविर में जितने स्टॉल लगे हैं, उनका अवलोकन जरूर करें.

साव ने शिविर में कहा कि जब तक गांव, गरीब व किसान की तरक्की नहीं होगी, तब तक देश की तरक्की नहीं होगी. नई सरकार बनने के साथ ही हमने मोदी की गारंटी को पूरा करने की शुरुआत कर दी है. सबसे पहले 18 लाख गरीब परिवारों का आवास बनाने का निर्णय लिया गया. इसके बाद प्रदेश के 12 लाख किसानों के खाते में लंबित बोनस की राशि का अंतरण किया गया. उन्होंने कहा कि 3100 रुपए प्रति क्विंटल के हिसाब से 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदी की जाएगी. गरीबों के जीवन में खुशहाली आए, इसका इंतजाम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया है.

उप मुख्यमंत्री साव ने 3 एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

उप मुख्यमंत्री अरूण साव ने सुदूर वनांचल क्षेत्र के बैगा आदिवासी परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने शिविर से तीन एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इन एंबुलेंस के जरिए अचानकमार क्षेत्र के गांवों में अलग-अलग दिन कैंप लगाकर लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान की जाएंगी. लोरमी के पूर्व विधायक तोखन साहू, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती दुर्गा उमाशंकर साहू और कलेक्टर राहुल देव सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि और नागरिक पीएम जनमन मेगा शिविर में मौजूद थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu