भगवान श्रीराम का ननिहाल है छत्तीसगढ़: उप मुख्यमंत्री साव

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 15 Jan 2024 03:35 PM
भगवान श्रीराम का ननिहाल है छत्तीसगढ़: उप मुख्यमंत्री साव
ऑडियो सुनें

रायपुर. उप मुख्यमंत्री अरूण साव ने कहा कि हमारा छत्तीसगढ़ भगवान श्रीराम का ननिहाल है. उनका आशीर्वाद छत्तीसगढ़ की पावन भूमि पर हमेंशा बना हुआ है. साव विगत 13 जनवरी की देर शाम बालोद जिले के गुरूर विकासखण्ड के ग्राम पलारी में आयोजित 03 दिवसीय दिव्य मानस महोत्सव व्याख्यान माला महाकुंभ में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. उन्होंने सर्वप्रथम भगवान श्रीराम की पूजा-अर्चना कर खुशहाली की कामना की. कार्यक्रम में आयोजक समिति व ग्रामीणों द्वारा उप मुख्यमंत्री साव का उत्साह भरे माहौल में स्वागत किया गया.

उप मुख्यमंत्री साव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान श्रीरामलला के भव्य मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर पूरे देश व दुनिया के साथ ही छत्तीसगढ़ में उत्साह का माहौल बना हुआ है, इसी खुशी के मौके पर 22 जनवरी को छत्तीसगढ़ के गांव-गांव में दीपावली मनाया जाएगा. इसके लिए गांव-गांव, गली-गली में लोग 22 तारीख को त्यौहार के रूप में मनाने तैयारी में लगे हुए हैं, पूरा छत्तीसगढ़ राममय हो गया है. उन्होंने रामचरितमानस के समुद्र प्रसंग पर संक्षिप्त व्याख्यान भी दिया. भगवान श्रीराम के नाम की शक्ति का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके शत्रु को भी भगवान श्रीराम के नाम सहारा लेना पड़ा था. हम सभी को भगवान श्रीराम के गुणों का आत्मसात करना चाहिए.

कार्यक्रम में आयोजक समिति द्वारा उप मुख्यमंत्री साव को प्रतीक चिन्ह भेंट कर उनका आभार व्यक्त किया गया. इस अवसर पर राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग के पूर्व सदस्य यशवंत जैन, नगर पालिका परिषद बालोद के पूर्व अध्यक्ष राकेश यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu