भाजपा ने टीएमसी पर लोगों को राम मंदिर जश्न समारोह में भाग लेने से रोकने का आरोप लगाया

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Mon, 22 Jan 2024 01:21 PM
भाजपा ने टीएमसी पर लोगों को राम मंदिर जश्न समारोह में भाग लेने से रोकने का आरोप लगाया
ऑडियो सुनें

कोलकाता: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पश्चिम बंगाल इकाई ने सोमवार को आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सरकार लोगों को अयोध्या में राम मंदिर के उद्घाटन के अवसर पर राज्य के विभिन्न हिस्सों में जश्न समारोहों में भाग लेने से रोकने की कोशिश कर रही है।

भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और सांसद दिलीप घोष ने कहा, ‘‘टीएमसी की संप्रीति (सौहार्द) रैली’ लोगों को गुमराह करने की कोशिश है।’’ घोष ने खड़गपुर में एक मंदिर में पूजा-अर्चना कर दिन की शुरुआत की। उन्होंने कहा, ‘‘देश में राम मंदिर के उद्घाटन का जश्न मनाए जाने पर पश्चिम बंगाल में टीएमसी सरकार सर्व-धर्म रैली आयोजित कर लोगों को ऐसे जश्न समारोहों में भाग लेने से रोकने की कोशिश कर रही है।’’

उनकी इन टिप्पणियों का टीएमसी ने जोरदार खंडन करते हुए कहा कि उसकी ‘सर्व-धर्म’ रैली का राम मंदिर उद्घाटन से कुछ लेना-देना नहीं है। उत्तर प्रदेश के अयोध्या में राम मंदिर में भगवान राम के बाल स्वरूप के विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा संबंधी समारोह सोमवार को आयोजित किया जा रहा है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इससे संबंधित सभी अनुष्ठानों में भाग लेंगे।

तृणमूल कांग्रेस ने भाजपा पर आरोप लगाया है कि वह लोकसभा चुनाव से पहले ‘‘राजनीतिक नौटंकी’’ करके एक धार्मिक आयोजन का राजनीतिकरण करने की कोशिश कर रही है। इसके साथ ही तृणमूल कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व में कोलकाता में एक विशाल ‘संप्रीति’ रैली आयोजित करने की घोषणा की है।

पार्टी राज्य के हर प्रखंड में भी इसी तरह की रैलियां करेगी। भाजपा की बंगाल इकाई ने कई ंिहदू संगठनों के साथ मिलकर प्राण प्रतिष्ठा वाले दिन राज्य में छुट्टी घोषित करने की मांग की थी, लेकिन उनका यह प्रयास असफल रहा।

भाजपा इकाई ने इस दिन को मनाने के लिए राज्य भर में कई कार्यक्रम और समारोह आयोजित करने की योजना बनाई है। इसके तहत विभिन्न क्षेत्रों में एलईडी स्क्रीन लगाए गए हैं, जहां अयोध्या में होने वाले प्राण प्रतिष्ठा समारोह का सीधा प्रसारण किया जाएगा।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav