राहुल के कुत्ते को बिस्कुट खिलाने से जुड़े वीडियो पर निशिकांत दुबे ने साधा निशाना

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद निशिकांत दुबे ने राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के दौरान बनाए गए एक वीडियो का जिक्र करते हुए बुधवार को दावा किया कि कांग्रेस नेता ने झारखंड में कुत्तों को दिये जाने वाले बिस्कुट एक व्यक्ति को दिए.

राहुल ने सोशल मीडिया पर आए इस वीडियो पर सफाई देते हुए मंगलवार को कहा था कि जब कुत्ते ने उनके हाथ से बिस्कुट नहीं खाया तो उन्होंने उसे खिलाने के लिए उसके मालिक को बिस्कुट दिया था. भाजपा नेताओं ने इस मामले में आरोप लगाया कि राहुल ने कुत्ते के खाने वाले बिस्कुट लोगों को दिए.

निशिकांत दुबे ने बुधवार को लोकसभा में अंतरिम बजट पर चर्चा में भाग लेते हुए वीडियो का जिक्र किया और कहा, ”झारखंड में हमारे गांवों में लोग इतनी गरीबी में रहते हैं कि वे खुद का ही पेट भर लें, कुत्तों को खिलाने की बात तो दूर है. राहुल गांधी ने एक व्यक्ति को कुत्ते के खाने वाला बिस्कुट दे दिया.” इस बयान पर विपक्षी सदस्यों ने आपत्ति जताई और कांग्रेस नेता गौरव गोगोई ने व्यवस्था का प्रश्न उठाया. दुबे उस वीडियो का जिक्र कर रहे थे जिसमें राहुल गांधी को झारखंड में अपनी यात्रा के दौरान एक कुत्ते को बिस्कुट खिलाते देखा जा सकता है.

झारखंड के गोड्डा से सांसद दुबे ने सदन से निष्कासित तृणमूल कांग्रेस सदस्य महुआ मोइत्रा पर भी परोक्ष निशाना साधा और कहा, ”इस देश में कुत्ते महत्वपूर्ण हैं. मैंने एक फिल्म देखी थी ‘तेरी मेहरबानियां’. इसमें कुत्ता अपने मालिक के लिए जान दे देता है. दूसरी तरफ देखें तो ‘पीडी’ की वजह से हिमंत विश्व शर्मा ने कांग्रेस छोड़ दी, ‘हेनरी’ की वजह से एक महिला सांसद को संसद छोड़नी पड़ी और अब ‘नूरी’ के प्रभाव में वह कुत्ते के बिस्कुट एक व्यक्ति को दे रहे हैं.” कांग्रेस प्रवक्ता राकेश सिन्हा ने कहा है कि राहुल का वीडियो चार फरवरी को झारखंड के धनबाद जिले का है.

Related Articles

Back to top button