विमान दुर्घटना स्थल से एक व्यक्ति ने 70 तोले सोने के आभूषण, नकदी एकत्र कर पुलिस को सौंपी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 18 Jun 2025 07:51 PM
विमान दुर्घटना स्थल से एक व्यक्ति ने 70 तोले सोने के आभूषण, नकदी एकत्र कर पुलिस को सौंपी
ऑडियो सुनें

अहमदाबाद. अहमदाबाद में 12 जून को हुई विमान दुर्घटना के बाद राहत बचाव कार्य में लगे शुरुआती लोगों में शामिल राजेश पटेल यहां से शवों और कई घायलों को एम्बुलेंस तक छोड़ने के तुरंत बाद घटनास्थल पर वापस आए तथा सुलगते हुए मलबे में खोजबीन शुरू करने लगे. पटेल (57) ने कहा कि उन्होंने घातक विमानन दुर्घटना स्थल से लगभग 70 तोले सोने के आभूषण, 50 हजार रुपये और कुछ अमेरिकी डॉलर एकत्र किए और पुलिस को सौंप दिए.

दुर्घटनास्थल से मात्र 300 मीटर की दूरी पर रहने वाले पटेल ने जब जोरदार धमाका सुना और आग का गोला आसमान में उठता देखा तो वे शहर के शाहीबाग क्षेत्र में अपने रिश्तेदार द्वारा संचालित निजी अस्पताल की एक एंबुलेंस में सवार हो गए. निर्माण व्यवसाय से जुड़े पटेल ने बताया, ”बीजे मेडिकल कॉलेज के छात्रावास परिसर में विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की जानकारी मिलने पर मैं अधिक से अधिक लोगों को बचाने की उम्मीद में वहां पहुंचा. हालांकि, हम पहले 15 से 20 मिनट तक घटनास्थल के करीब नहीं पहुंच सके. आग पर काबू पाने के बाद हमने बचाव कार्य शुरू किया.” पटेल और अन्य स्वयंसेवकों के पास कोई ‘स्ट्रेचर’ नहीं था, इसलिए उन्होंने शवों और घायलों को एंबुलेंस तक ले जाने के लिए पुरानी साड़ियों, चादरों और बोरों का इस्तेमाल किया.

बचाव अभियान पूरा होने के बाद पटेल ने एअर इंडिया विमान में सवार लोगों के सामान और अन्य सामग्री को बचाने का काम शुरू कर दिया. पटेल ने बताया, ”जले हुए और बिखरे पड़े 10 से 15 हैंडबैग से हमने 70 तोले सोने के आभूषण, आठ से 10 चांदी के सामान, कुछ पासपोर्ट, भगवद्गीता की एक प्रति, 50 हजार रुपये नकद और 20 डॉलर बरामद किए. हमने उन्हें बचाव अभियान की निगरानी कर रहे पुलिस के एक अधिकारी को सौंप दिया.” मेघाणी नगर थाने के निरीक्षक डीबी बसिया के अनुसार, उनकी एक टीम को दुर्घटना स्थल से बरामद हर मूल्यवान वस्तु और सामान की विस्तृत सूची तैयार करने का काम सौंपा गया है.

बसिया ने बताया, ”सूची तैयार हो जाने के बाद हम एअर इंडिया के साथ समन्वय करेंगे और सत्यापन के बाद यात्रियों के परिजनों को कीमती सामान और अन्य सामग्री सौंपने की प्रक्रिया शुरू करेंगे. अभी तक हमारे पास सामान की कोई निश्चित संख्या या उनका मूल्य नहीं है.” गुजरात के गृह राज्य मंत्री हर्ष सांघवी ने 16 जून को घोषणा की थी कि विमान के मलबे से मिली हर वस्तु वापस कर दी जाएगी. मंत्री ने कहा, ”वीनाबेन अघेडा के शव से बरामद चार से पांच तोला सोने के आभूषण को सावधानीपूर्वक ढूंढ़कर उनके परिवार को लौटा दिया गया. इसकी कीमत करीब साढ़े चार लाख रुपये थी.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu