केरल तट पर एक जहाज और मछुआरों की नौका में टक्कर, दो लोगों की मौत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 13 May 2024 07:11 PM
केरल तट पर एक जहाज और मछुआरों की नौका में टक्कर, दो लोगों की मौत
ऑडियो सुनें

मलप्पुरम. केरल तट के पास सोमवार तड़के एक जहाज ने एक मछली पकड़ने वाली नौका को कथित तौर पर टक्कर मार दी जिससे दो लोगों की मौत हो गई. पुलिस ने यह जानकारी दी. यह घटना त्रिशूर जिले में मनक्काकादावु तटीय पुलिस थाने की सीमा से लगभग 16 समुद्री मील दूर हुई. उस समय मछुआरे मछली पकड़ने गए हुए थे.

पुलिस ने बताया कि इस टक्कर में नौका के दो टुकड़े हो गये. उसने बताया कि नौका पर छह लोग सवार थे. उनमें से चार लोगों को जहाज पर मौजूद लोगों ने बचा लिया. पुलिस ने बताया कि तलाशी अभियान के बाद दो मछुआरों के शव बरामद कर लिए गए हैं. उसने बताया कि इस घटना में चार लोग घायल हो गए हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

मनक्काकादावु पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि इस घटना के संबंध में भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. एक अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि टक्कर मारने वाले जहाज को जब्त कर लिया गया है जो कोच्चि से बेपोर होते हुए लक्षद्वीप जा रहा था. इस घटना में सुरक्षित बचे लोगों ने कहा कि जहाज नौका के मध्य हिस्से से टकराया था, जिससे उसके दो टुकड़े हो गए. उन्होंने बताया कि नौका के दो टुकड़े होने से इंजन वाला हिस्सा भी डूब गया जिससे दो व्यक्ति डूब गए.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu