नयी दिल्ली. कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने सोमवार को आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी (आप) विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) से बाहर निकलने के लिए माहौल बना रही है. ‘इंडिया’ का गठन वर्ष 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से मुकाबले के लिए किया गया है. दीक्षित 31 अगस्त और एक सितंबर को ‘इंडिया’ की प्रस्तावित बैठक और आप द्वारा बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने की खबरों के बारे में पूछे गए सवालों का जवाब दे रहे थे.
‘पीटीआई-वीडियो’ के साथ बातचीत में दीक्षित ने दावा किया, ”आम आदमी पार्टी केवल ‘इंडिया’ से बाहर निकलने के लिए माहौल बना रही है. इसमें क्या है? हमें पता था कि ऐसा होने वाला है. जैसा कि मैं हमेशा कहता हूं…अमित शाह ने संसद में कहा कि आम आदमी पार्टी भागने वाली है. शाह ने सार्वजनिक रूप से घोषणा की थी कि आम आदमी पार्टी से क्या अपेक्षा की जाती है…वे वही करेंगे, इसमें कोई आश्चर्य की बात नहीं है.” आप और कांग्रेस, दोनों ही विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ का हिस्सा हैं.
अपनी पार्टी के बारे में दीक्षित के बयान पर आप के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने कहा, ”मैं इस तरह के महान नेताओं पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता. इसके पहले भी दीक्षित विभिन्न मुद्दों को लेकर आप के आलोचक रहे हैं.”