पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त होने का आरोप, पूर्व विधायक इमरान मसूद बसपा से निष्काषित

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 29 Aug 2023 09:40 PM
पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त होने का आरोप, पूर्व विधायक इमरान मसूद बसपा से निष्काषित
ऑडियो सुनें

लखनऊ/सहारनपुर. सहारनपुर से पूर्व विधायक इमरान मसूद को मंगलवार को पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) से निष्कासित कर दिया गया. बसपा की सहारनपुर इकाई द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक मसूद को पूर्व में ”अनुशासनहीनता और पार्टी विरोधी गतिविधियां” करने पर कई बार चेतावनी दी गई थी लेकिन इसके बावजूद सुधार नहीं होने पर उन्हें बसपा से निष्कासित कर दिया गया है.

उधर सहारनपुर से मिली खबर के अनुसार निष्कासन के बाद इमरान मसूद ने पत्रकारों से कहा,”मुझे बसपा सुप्रीमो ने पार्टी मे शामिल किया था, जिला अध्यक्ष को निष्कासन का अधिकार कैसे हो सकता है?” उन्होंने कहा कि वे अपने कार्यकर्ताओ से इस मामले मे विचार विमर्श करेंगे.

बसपा की सहारनपुर इकाई की ओर से जारी बयान के मुताबिक मसूद को जब बसपा में शामिल किया गया था तब उनसे कहा गया था कि पार्टी के प्रति ईमानदार कार्यशैली और गतिविधियों के आधार पर ही उन्हें अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में सहारनपुर सीट से टिकट दिया जाएगा.

पार्टी के कहा कि उत्तर प्रदेश में नगरीय निकाय के चुनाव में मसूद ने सहारनपुर के महापौर पद के लिए अपने परिवार के सदस्य को टिकट देने का दबाव बनाया. उस वक्त उन्हें इस शर्त पर टिकट दिया गया कि अगर उनका उम्मीदवार चुनाव हार जाता है तो उन्हें लोकसभा का टिकट नहीं दिया जाएगा.

बयान के मुताबिक चुनाव में मसूद के परिवार का उम्मीदवार सदस्य हार गया. उसके बाद मसूद से कहा गया कि वह मुस्लिम समाज को बसपा के साथ जोड़ें. इसके लिए उन्हें उनके अनुरोध पर सदस्यता पुस्तिकाएं दी गई मगर समय निकल जाने के बाद उन्होंने बिना सदस्य बनाये ही ज्यादातर पुस्तिकाएं वापस कर दीं. बयान के अनुसार बसपा एक अनुशासित पार्टी है और अनुशासनहीनता और दबाव की राजनीति को कतई बर्दाश्त नहीं करती इसी वजह से इमरान मसूद को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है.

गौरतलब है कि मसूद ने हाल ही में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की प्रशंसा की थी, जिसके बाद ऐसी अटकलें लगायी जा रही थीं कि वह लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस में जा सकते हैं. पूर्व केन्द्रीय मंत्री रशीद मसूद के भतीजे और सहारनपुर की तत्­कालीन मुजफ्फ्फराबाद (अब बेहट) सीट से पूर्व विधायक इमरान मसूद का नाम पश्चिमी उत्­तर प्रदेश के अहम मुस्लिम नेताओं में शुमार किया जाता है.

वह 2014 और 2019 में सहारनपुर लोकसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ चुके हैं. उन्हें मार्च 2014 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के तत्कालीन प्रधानमंत्री उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी को कथित तौर पर ‘बोटी-बोटी काट देने’ का विवादित बयान देने पर भड़काऊ भाषण देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था. इमरान मसूद ने विधानसभा चुनावों से ठीक पहले जनवरी 2022 में कांग्रेस छोड़कर सपा में शामिल हो गये थे लेकिन विधानसभा चुनाव के बाद सितंबर 2022 में वह बसपा में चले गये थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu