भाजपा में शामिल हुईं अभिनेत्री रूपाली गांगुली

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 01 May 2024 08:55 PM
भाजपा में शामिल हुईं अभिनेत्री रूपाली गांगुली
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के मतदान से पहले मशहूर अभिनेत्री और र्चिचत टेलीविजन सीरियल ‘अनुपमा’ में मुख्य किरदार निभाने वाली रुपाली गांगुली बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गईं. भाजपा महासचिव विनोद तावड़े, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी और सह-प्रभारी संजय मयूख की मौजूदगी में उन्होंने यहां भाजपा मुख्यालय में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की. गांगुली के साथ ही महाराष्ट्र के जानेमाने ज्योतिष और समाज सेवी अमेय जोशी भी केंद्र की सत्तारूढ. पार्टी में शामिल हो गए.

तावड़े ने गांगुली का पार्टी में स्वागत किया और इस अवसर का इस्तेमाल सपा नेता मारिया आलम की ‘वोट जिहाद’ की अपील को लेकर विपक्षी दलों पर हमला करने के लिए किया. आलम ने फर्रुखाबाद लोकसभा सीट से विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के उम्मीदवार के लिए वोट मांगते हुए ‘वोट जिहाद’ का आह्वान किया था और कहा था कि मौजूदा हालात में अल्पसंख्यक समुदाय के लिए भाजपा को सत्ता से बेदखल करना जरूरी है.

सपा नेता की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए, तावड़े ने कहा, ”झूठ फैलाने वाले विपक्षी दलों ने अब ‘वोट जिहाद’ अभियान शुरू कर दिया है. इससे पता चलता है कि वे हताश और निराश हैं.” उन्होंने कहा, ”एक तरफ वे ओबीसी का आरक्षण मुसलमानों को दे रहे हैं, दूसरी तरफ वे चुनाव के दौरान ‘वोट जिहाद’ की बात कर रहे हैं.” तावड़े ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी नेता राहुल गांधी से पूछा कि क्या यह अभियान पार्टी आलाकमान के निर्देश पर शुरू किया गया है? भाजपा में शामिल होने के बाद गांगुली ने कहा कि कला के पथ पर चलते-चलते वह भाजपा के जरिए राजनीति में आई हैं.

उन्होंने खुद को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का ‘बहुत बड़ा फैन’ बताया और कहा कि वह जो कर रहे हैं, उसमें हर किसी को योगदान देना चाहिए. उन्होंने कहा, ”जब मैं विकास का महायज्ञ देखती हूं तो मुझे लगता है कि क्यों न मैं भी इसमें सहभागी बनूं. कुछ ऐसा करूं ताकि सभी को गर्व हो. मैं मोदी जी के बताए रास्ते पर चलकर देश सेवा करना चाहती हूं.” जोशी ने भी कहा कि वह प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश की सेवा करना चाहते हैं. भाजपा में शामिल होने के बाद गांगुली और जोशी ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा से मुलाकात की और मार्गदर्शन प्राप्त किया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu